
दिल्ली दरबार रेस्त्रां पर 10 हजार का जुर्माना
Lucknow News - लखनऊ नगर निगम ने शनिवार को सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। विभिन्न क्षेत्रों में जुर्माना लगाया गया, जिसमें दिल्ली दरबार रेस्त्रां पर 10 हजार रुपये का जुर्माना शामिल है। कुल मिलाकर 1.32 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया और अतिक्रमण हटाने के दौरान भारी मात्रा में सामान जब्त किया गया।
लखनऊ नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक, गंदगी और अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को शहरभर में अब तक का सबसे सख्त अभियान चलाया। अलग-अलग जोनों में की गई कार्रवाई के दौरान जहां पॉलिथीन के इस्तेमाल पर भारी जुर्माना लगाया गया, वहीं सड़कों और फुटपाथों से दर्जनों ठेले, दुकानें और अस्थायी ढांचे हटाए गए। दिल्ली दरबार रेस्त्रां पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगा। शाम तक कुल 1.32 जुर्माना अलग-अलग कारोबारियों, प्रतिष्ठानों पर लगाया गया। जोन-2 क्षेत्र के चारबाग इलाके में गंदगी फैलाने पर 12 दुकानदारों का चालान काटते हुए 21 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर 2 दुकानदारों पर 4 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यह कार्रवाई एसएफआई राजेश कुशवाहा और देवेंद्र कुमार वर्मा की टीम ने की। एलडीए मार्केट जोन-4 के विवेक खंड-4 गोमती नगर में अभियान के दौरान गंदगी फैलाने पर 2 हजार रुपये और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर 3 अलग-अलग चालान कर कुल 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान एसएफआई रश्मि शुक्ला, बाल गोविंद और राकेश कुमार वर्मा मौजूद रहे। जोन-7 के इंदिरा नगर सेक्टर-22 में जांच के दौरान ‘दिल्ली दरबार’ रेस्त्रां को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। इस पर 10 हजार रुपये का चालान किया गया। पूरे जोन में गंदगी और प्लास्टिक पर कुल 37,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। खजाना मार्केट, आशियाना, वृंदावन सेक्टर-5 व 6 और पवनपुरी–सुभानीखेड़ा तेलीबाग क्षेत्र में 62 दुकानों की जांच की गई। गंदगी फैलाने पर ₹3,400 और सिंगल यूज प्लास्टिक पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया। मौके से 1 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन भी जब्त की गई। हजरतगंज से बालागंज तक अतिक्रमण पर चला बुलडोजर अटल चौक से पार्क रोड, कालीदास मार्ग, 1090 चौराहा, बटलर पैलेस, चिड़ियाघर गेट नंबर-2 और सिकंदरबाग तक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान आधा ट्रक अवैध सामान जब्त किया गया। वेंडिंग जोन के दुकानदारों को शुल्क जमा करने की चेतावनी दी गई। एसकेडी एकेडमी और सेक्टर-02 क्षेत्र में ठेले-खोमचे हटाकर 3 बेंच, 2 ठेले, 3 काउंटर, 4 कुर्सियां, 5 स्टूल और बैनर-पोस्टर जब्त किए गए। साथ ही खजाना मार्केट वेंडिंग जोन से 81,000 रुपये वेंडिंग शुल्क वसूला गया। बालागंज चौराहे से लाल मस्जिद तक 15 ठेले, 4 काउंटर और 17 अस्थायी दुकानें हटाई गईं। अतिक्रमणकर्ताओं पर 7,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया और सख्त चेतावनी दी गई। नवीन गल्ला मंडी से मनोकामना मंदिर तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाया गया। 35 फल-सब्जी ठेले, 6 फास्ट फूड काउंटर, 2 गुमटी, चारपाई फ्रेम, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 12 टायर समेत भारी मात्रा में सामान जब्त किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




