ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊहॉकी में लखनऊ की टीमों का उम्दा आगाज

हॉकी में लखनऊ की टीमों का उम्दा आगाज

राजधानी में मंगलवार को शुरू हुई राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के पहले दिन लखनऊ की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। जहां लखनऊ हॉस्टल ने अब्दुल के हैट-ट्रिक समेत किए पांच गोलों की मदद से जीत दर्ज...

हॉकी में लखनऊ की टीमों का उम्दा आगाज
प्रमुख संवाददाता,लखनऊTue, 06 Mar 2018 07:37 PM
ऐप पर पढ़ें

राजधानी में मंगलवार को शुरू हुई राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के पहले दिन लखनऊ की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। जहां लखनऊ हॉस्टल ने अब्दुल के हैट-ट्रिक समेत किए पांच गोलों की मदद से जीत दर्ज की। वहीं स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ व लखनऊ मण्डल ने भी जीत दर्ज की। अन्य मुकाबलों में बस्ती व रामपुर ने भी जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का उद्घाटन हॉकी ओलंपियन सैयद अली ने किया।
अब्दुल की हैट-ट्रिक
तेज तर्रार खिलाड़ियों से सजी लखनऊ हॉस्टल ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए चित्रकूट धाम को 10-0 गोल से करारी शिकस्त दी। जीत के हीरो रहे अब्दुल ने हैट-ट्रिक समेत पांच गोल दागे। खेल में पूरे समय हॉस्टल की टीम छाई  रही। चित्रकूट धाम के खिलाड़ी हॉस्टल की डी में घुसने को तरस गए। हॉफ टाइम तक ही हॉस्टल ने 6-0 की बढ़त बना ली थी। हॉस्टल के लिए कप्तान अमरजीत ने दो गोल किए। वहीं शाहबाज व अमित ने भी एक-एक गोल किया। चित्रकूट धाम के खिलाड़ी आखिर तक खाता खोलने के लिए छटपटाते रहे पर उन्हें सफलता नहीं मिली।
ऋषभ ने मारे चार गोल
ऋषभ साहू के बेहतरीन चार गोलों की मदद से गुरु गोविंद स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने कानपुर को 10-1 गोल से हराया। शुरुआत से ही चढ़कर खेली स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम का खाता ऋषभ साहू ने ही खोला। इसके बाद उन्होंने तीन गोल और किए। उनके अलावा अंकित ने दो गोल मारे। अजय यादव, सूरज, बृजेष व सौरभ शर्मा ने एक-एक गोल किए। वहीं कानपुर मण्डल के लिए एकलौता गोल रवि किया। स्पोर्ट्स कॉलेज ने पहले हाफ में ही 5-0 की बढ़त बना ली थी।
लखनऊ मण्डल 11 गोल से जीता
लखनऊ मण्डल की टीम ने झांसी मण्डल को एकतरफा मुकाबले में 11-0 गोलों से शिकस्त दी। शुरुआत से ही लखनऊ ने झांसी पर दबाव बना लिया। झांसी के खिलाड़ी आखिर तक खुलकर नहीं खेल सके। वहीं लखनऊ के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया। उसकी मिडफील्ड ने अपने फारवर्डों का उम्दा साथ दिया। लखनऊ के लिए अरुण साहनी ने तीन गोल मारे। वहीं नीरज यादव व मुकेश राम ने दो-दो गोल किए। धर्मेंद्र यादव, राहुल यादव, अंश सेठी व मनीष साहनी ने एक-एक गोल मारे।
बस्ती की संघर्षपूर्ण जीत
चित्रकूट धाम को अपने दूसरे लीग मुकाबले में भी हार का सामना करना पड़ा। पर इस मुकाबले में उसने बस्ती को कड़ी टक्कर दी। बस्ती को जीतने के लिए खासा पसीना बहाना पड़ा। बस्ती यह मुकाबला 1-0 गोल से ही जीत सकी। दोनों ही टीमों ने शुरुआती तेजी से की। चित्रकूट धाम ने कुछ अच्छे मूव तैयार किए। पर सफलता बस्ती की टीम को मिली। खेल के 29वें मिनट में एहतेशाम ने शानदार गोल करके बस्ती को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद चित्रकूट धाम की टीम बराबरी का गोल करने के लिए आखिर तक प्रयास करती रही पर उसे सफलता नहीं मिली।
रामपुर की आसान जीत
पहले दिन के आखिरी मुकाबले में रामपुर ने फैजाबाद मण्डल को 7-0 गोल से हराया। रामनपुर के आकाशदीप यादव व अजय यादव ने उम्दा खेल दिखाते हुए दो-दो गोल मारे। वहीं बलवंत कुमार, कृष्ण कुमार व आशीष सिंह ने एक-एक गोल किए।
परिणाम :
स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने हराया कानपुर को 10-1 से
लखनऊ मण्डल ने हराया झांसी मण्डल को 11-0 से
लखनऊ हॉस्टल ने हराया चित्रकूट धाम को 10-0 से
बस्ती ने हराया चित्रकूट धाम को 1-0 से
रामपुर ने हराया फैजाबाद मण्डल को 7-0 से

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें