Lucknow News: बेटा ससुराल, खुद एक कमरे में काट रहे जीवन
Lucknow News: लखनऊ के फैजुल्लागंज और पतंग मैदान के पास बाढ़ का पानी घरों में भरने से परिवारों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। सुरेन्द्र नाथ के मकान में अब भी चार फुट पानी है और परिवार के सदस्य अलग-अलग जगहों पर रह रहे हैं। सुरेश कुमार का घर भी जलमग्न है; वह पत्नी और बेटे के साथ किराये के कमरे में रह रहे हैं, जबकि उनका बेटा परिवार सहित ससुराल में है।

Lucknow News: फैजुल्लागंज के मामा कालोनी निवासी सुरेन्द्र नाथ का चार कमरे का मकान है। नौ सदस्यों का परिवार एक साथ रहता था। लेकिन बाढ़ के कारण परिवार को पिछले 15 दिनों से कई जगह बंटकर रहना पड़ रहा है। एक बेटा ससुराल में शरण लिए है तो दूसरा अपने कार्यक्षेत्र पर किसी तरह गुजारा कर रहा है। वह खुद एक कमरे में छह सदस्यों के साथ समय काट रहे हैं। सुरेन्द्र ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2014 में मामा कालोनी में चार कमरे का मकान बनवाया था। दो मंजिला मकान में सभी लोग एक साथ रहते थे। लेकिन परिस्थियों ने बदहाल जीवन जीने को मजबूर कर दिया है।
अब भी मकान में चार फुट तक पानी भरा है। पानी निकले तो कुछ सोचा जाए। वहीं पतंग मैदान के पास के सुरेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2018 में मकान बनवाया था। घर में पानी भरने पर दो अक्टूबर को सभी को निकलना पड़ा। बेटा अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ ससुराल चला गया है। वह त्रिवेणीनगर में 5 हजार रुपये मे एक कमरा लेकर रह रहे हैं। पत्नी और एक बेटे के साथ के साथ किसी तरह समय काट रहे हैं। हर दिन आते हैं और जल स्तर देखकर लौट जाते हैं। उनके घर के पास अब भी तीन फुट तक पानी भरा है।

