लखनऊ में नौकरानी को बंधक बनाकर पिलाई शराब, बेल्ट और डंडों से पीटा
Lucknow News - लखनऊ में गुडम्बा स्थित जनेश्वर अपार्टमेंट के एक फ्लैट में काम करने वाली युवती ने मालिकों पर बंधक बनाकर मारपीट कर जबरन शराब पिलाने का आरोप लगाया । आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अंत में पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

लखनऊ में गुडम्बा स्थित जनेश्वर अपार्टमेंट के एक फ्लैट में काम करने वाली युवती ने मालिकों पर बंधक बनाकर मारपीट कर जबरन शराब पिलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अंत में पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं घटना छह माह पुरानी बताई जा रही है।
वीरपुर माल निवासी देविका पासी ने बताया कि उसे व अन्य लोगों को रोजगार दिलाने के नाम पर शालीमार बिल्डिंग, आईआईएम रोड मड़ियांव में काम दिया गया था। जहां उन लोगों को चौबीस घंटे घरेलू काम कराया जाता था। करीब छह माह पहले उसे जनेश्वर अपार्टमेंट के दो फ्लैट में काम पर रखा गया। देविका का आरोप है कि बीती 26 जुलाई को फ्लैट में रहने वाली प्रियंका सिंह जब घर आई तो उन्होंने अपने लॉकर से नकदी और गहने गायब होने का आरोप लगया। इसके बाद प्रियंका ने सभी काम करने वाले युवक-युवतियों को बंधक बना लिया। 26 जुलाई से 2 अगस्त तक सभी को प्रताड़ित किया। बेल्ट और डंडों से पैरों, कूल्हों और तलवों पर पिटाई की। उन लोगों को जबरन शराब पिलाई।
मौका पाकर बंधक बने लोगों ने किसी तरह अपने परिवार के लोगों से संपर्क किया और मदद की गुहार लगाई। पीड़िता ने बताया कि उसकी मां सुखदेई ने 2 अगस्त 2025 को पुलिस आयुक्त मिलकर आरोपियों की शिकायत की। जहां से एसीपी कार्यालय फिर गुडम्बा थाने भेजा दिया गया। उस दौरान पीड़िता का मोबाइल, बैग व अन्य सामान फ्लैट में ही रह गया। देविका का आरोप है कि पुलिस ने सबको अलग-अलग बैठाकर दबाव बनाया और तत्काल मेडिकल न कराकर अगले दिन आने को कहा। फ्लैट मालिक की तरफ से दर्ज कर ली चोरी की रिपोर्ट 3 अगस्त को थाने पहुंचने पर बताया गया कि फ्लैट मालकिन प्रियंका ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसके बाद देविका ने बलरामपुर अस्पताल में मेडिकल कराया। उसने मुख्यमंत्री और पुलिस आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र भेजे लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट का की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश श्रीवास्तव का कहना है मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



