Lucknow News: गैर इरादतन हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ के इटौंजा में गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार हुआ। दुबग्गा में चोरी का विरोध करने पर नाबालिग पर ईंट से हमला हुआ और भागते समय आरोपी गिर पड़ा। बंथरा में युवक की संदिग्ध मौत हुई। टिकैतगंज में नदी में कूदी महिला को ग्रामीण ने बचाया। नारायणपुर में चोरी के जेवरात की बरामदगी को लेकर सवाल उठे।

गैर इरादतन हत्या का आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: इटौंजा। महिगवां पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार आरोपी गोविंद को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे मवई कला मोड़ से पकड़ा। इस मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। महिगवां थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्या ने बताया कि बराखेमपुर निवासी सुभाष कुमार गौतम ने पिछले साल एक अक्तूबर रिपोर्ट लिखाई थी कि मोहित यादव, छोटू उर्फ पंकज यादव समेत कई लोग उनके घर पहुंचे और उनके पिता मुन्नूलाल गौतम को लाठी डंडों से पीटा। बीच बचाव करने पर परिवार के अन्य सदस्यों को भी पीटकर जानमाल की धमकी दी थी। ---------------
दुबग्गा में चोरी का विरोध करने पर नाबालिग पर हमला
चोरी का विरोध करने पर नाबालिग को पीटने वाले चोर पिटे
- दुबग्गा में भागने के दौरान पहली मंजिल से नीचे गिरा चोर
- ग्रामीणों ने पकड़ाकर पीटा, दुबग्गा पुलिस के सुपुर्द किया
काकोरी, संवाददाता।
दुबग्गा के मुर्दापुर स्थित सरदार नगर कॉलोनी में गुरुवार रात मकान में घुसे बदमाशों ने चोरी का विरोध करने पर नाबालिग पर ईंट से हमला कर जख्मी कर दिया। महिला के शोर मचाने पर एक चोर पहली मंजिल से नीचे कूद गया। फिर ग्रामीणों ने चोर को पकड़कर बुरी तरह पीटा। उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने घटना में दोनों घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया। मकान मालिक ने चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
दुबग्गा इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के मुताबिक सरदार नगर कॉलोनी निवासी मजदूर अशफाक अली ने बताया कि गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे पड़ोस में बन रहे मकान में मजदूरी कर रहा अजय पासी दो साथी संग चोरी के लिए घर के अंदर घुस आया। आरोप है कि वह नशे की हालत में था। गाली गलौज करने लगा। घर में मौजूद अशफाक के साले सूफियान ने विरोध किया तो अजय ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहां पास में पड़ी ईंट उठाकर सूफियार के सिर पर मार दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर अशफाक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान अजय भागने लगा। पहली मंजिल से नीचे गिरने से चोरी करने घुसे अजय को भी मामूली चोट आई। ग्रामीणों ने पकड़कर उसे पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। मारपीट में गंभीर रुप से घायल सूफियान को परिजन ट्रामा सेंटर ले गए, जहां गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। घायल सूफियान के बहनोई अशफाक ने दुबग्गा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
-------------
बंथरा में युवक की संदिग्ध मौत
संदिग्ध हालात में युवक की मौत
सरोजनी नगर। बंथरा इलाके में शुक्रवार दोपहर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव गांव में दूसरे के घर के बाहर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बंथरा थाना प्रभारी के मुताबिक मवई पड़ियाना गांव निवासी रुपन (45) का शव शुक्रवार दोपहर गांव के ही हरिपाल गौतम के घर के बाहर पड़ा मिला। उस समय हरिपाल के घर पर कोई मौजूद नहीं था। रुपन पांच भाई में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी हुई थी, लेकिन पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। बताया जाता है कि रुपन शराबी था। फिलहाल उसकी मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा।
-------------
बेहता नदी में कूदी महिला को बचाया
बेहता नदी में कूदी महिला को बचाया
काकोरी, संवाददाता।
हरदोई रोड स्थित टिकैतगंज में पारिवारिक कलह से तंग रहीमाबाद निवासी महिला ने ओवरब्रिज से बेहता नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया। ओवरब्रिज से महिला को नदी में कूदता देख ग्रामीण युवक ने नदी में छलांग लगा दी। गहरे पानी में डूबती महिला को बचाकर नदी से बाहर निकाल लाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को इलाज के लिए काकोरी सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत सामान्य होने पर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
काकोरी इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि रहीमाबाद के भतोइया निवासी अंजुम बानो (45) का पति अब्दुल रहीम से विवाद होता रहता है। अब्दुल विदेश में रहकर जरदोजी का काम करता है। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे अंजुम टिकैतगंज पहुंची। कुछ देर तक ओवरब्रिज के ऊपर खड़े रहने के बाद अचानक वहां से बेहता नदी में छलांग लगा दी। महिला को डूबता देख ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद टिकैतगंज निवासी दीपू रावत ने जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। करीब 50 मीटर तक नदी के गहरे पानी में तैरकर महिला को सकुशल बाहर निकाला। इंस्पेक्टर सतीश का महिला की जान बचाने वाले ग्रामीण दीपू रावत को पुरस्कृत कराया जाएगा।
----------------
चोरी के जेवरात की बरामदगी पर सवाल
चोरी के जेवरात की बरामदगी पर उठे सवाल
सरोजनी नगर। बंथरा के नारायणपुर स्थित बरियारखेड़ा गांव में समर सिंह के घर गुरुवार रात हुई लाखों रुपए के जेवरात की चोरी के मामले में नया मोड़ सामने आया है। जेवरात की बरामदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में समर ने देवेंद्र पर जेवरात चोरी का आरोप लगाया था। वहीं, आरोपों से संबंधित परिजनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के मुताबिक चोरी की सूचना पर शुक्रवार सुबह बंथरा पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंची। डॉग स्क्वॉयड बुलाया गया। दावा है कि खोजी कुत्ता एक संदिग्ध के घर तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए स्थानीय चौकी ले गई। सूत्रों के मुताबिक बाद में चौकी प्रभारी और हेड कांस्टेबल दोबारा चोरी की शिकायत करने वाले पीड़ित समर सिंह के घर पहुंचे, जहां सूटकेस में जेवरात से भरा बैग मिलने की बात सामने आई। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि शुरुआती जांच में पुलिस को जेवरात क्यों नहीं मिले? बाद में पुलिस को बैग कैसे बरामद मिला? वहीं, देवेंद्र ने आरोपी समर पर उसे फर्जी चोरी के मामले में फंसाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

