लखनऊ-अयोध्या हाईवे 14 घंटे बाद बहाल

Apr 02, 2026 08:49 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

Lucknow News - हिन्दुस्तान फॉलोअप सफेदाबाद के पास घरेरू गैस टैंकर से हुआ था रिसाव 14 घंटे

लखनऊ-अयोध्या हाईवे 14 घंटे बाद बहाल

बाराबंकी में असेनी मोड़ के पास टैंकर से गैस लीक हो रही थी हाईवे पर दोनों ओर से रोक दिए गए थे वाहन, लगा भीषण जाम15 से 20 किमी लंबे जाम में रात भर फंसे रहे कई वाहनलखनऊ/बाराबंकी, हिन्दुस्तान टीम।लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन गैस रिसाव के 14 घंटे बाद बहाल कर दिया गया। इससे पहले हाईवे की लाइटें काट कर टैंकर पर दमकल से लगातार पानी की बौछार की गई। कई रूटों पर रोडवेज बसों का परिचालन भी रोक दिया गया था।दरअसल, मथुरा गैस प्लांट से 17.2 टन एलपीजी लेकर नेपाल जा रहा टैंकर बुधवार को शाम करीब छह बजे जैसे ही बाराबंकी में सफेदाबाद के आगे ओवरब्रिज पर पहुंचा, चालक को गैस रिसाव होने की आशंका हुई।

उसने असेनी मोड़ से लगभग 300 मीटर आगे ओवरब्रिज के समाप्त होते ही टैंकर को साइड में लगा दिया। सेफ्टी वॉल्व से तेजी से हो रही गैस रिसाव से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन ने शाम करीब आठ बजे अयोध्या हाईवे को दोनों ओर से बंद कर दिया। सफेदाबाद कस्बा और चौपुला के पास बैरीकेडिंग कर वाहनों को डायवर्ट किया गया। भारी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और किसान पथ की ओर मोड़ा गया। लखनऊ से अयोध्या व गोण्डा जाने वाले छोटे वाहन असेनी मोड़ से बाराबंकी शहर होकर जाने लगे। देर रात तक बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग, लखनऊ से किसान पथ कुर्सी-माती मार्ग और चौकाघाट से भिटरिया मार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। इसका असर लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर सफेदाबाद, इंदिरानहर से हाईकोर्ट, लखनऊ तक पहुंच गया और हाईवे पर 15 से 20 किमी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।रात भर जाम में फंसे रहे वाहनमौके पर कई थानों की पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां तैनात रहीं। दमकल गाड़ियों से लगातार पानी का छिड़काव किया जाता रहा। टैंकर चालक की सूचना पर कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त टैंकर मंगाए गए। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद टैंकर में भरी गैस तीन अन्य टैंकरों में सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित की गई। बची गैस को नोजल से जमीन में डाला गया। गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे क्षतिग्रस्त टैंकर को लखनऊ में बंथरा के लिए रवाना किया गया। सुबह करीब 10 बजे हाईवे को दो हिस्सों में खोलकर ट्रैफिक को सामान्य किया गया। पहले छोटे वाहनों को छोड़ा गया, फिर बड़े वाहनों को रवाना किया गया। इससे पहले बड़ी संख्या में वाहन रात भर हाईवे के जाम में फंसे रहे।रोडवेज बसों का परिचालन रोकासफेदाबाद में हुए गैस रिसाव से लगे जाम का असर इस कदर रहा कि कमता स्थिति अवध बस स्टेशन से अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़ मार्ग पर रोडवेज बसों का परिचालन रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। रोडवेज को राजस्व की हानि हुई।दो किमी तक फैली गैस की दुर्गंधटैंकर में रिसाव के कारण हाईवे पर धुआं ही धुआं दिखाई दे रहा था। हाईवे पर तेज दुर्गंध थी। बह रही हवाओं ने गैस की इस दुर्गंध को एक से दो किमी दूर गांवों तक पहुंचा दिया था।वर्जनटैंकर से एलपीजी लीकेज के मामले में इंडियन आयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) को पत्र जारी किया जाएगा। टैंकर के सेफ्टी वॉल्व में कैसे लीकेज हुआ? किस स्तर पर लापरवाही हुई है? तकनीकी टीम भी रिस्पांस नहीं दे पाई। इस पूरे मामले में जिम्मेदारी तय होगी।शशांक त्रिपाठी, जिलाधिकारी, बाराबंकीटैंकर से गैस को दूसरे टैंकर में शिफ्ट कर दिया गया है। इसके बाद दो हिस्सों में ट्रैफिक को बहाल किया गया। पहले छोटे वाहन छोड़े गए, फिर बड़े वाहनों को रवाना किया गया।राघवेंद्र कुमार सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक, लखनऊप्राइवेट टैक्सियों से जाम, तीन गाड़ी सीजलखनऊ में कमता के पास अयोध्या रोड पर गुरुवार की सुबह प्राइवेट टैक्सियों के चलते ट्रैफिक जाम हो गया। पहले से ही जाम हाईवे पर टैक्सियों की अराजकता देख स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी प्रमोद चौधरी और अवध बस स्टेशन के एआरएम एसके वर्मा ने संयुक्त अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान तीन अर्टिगा कारें पकड़ीं। ये कारें बीच सड़क पर सवारियां बैठा रही थीं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।