
बस चालक बनने के लिए नहीं दिखा उत्साह, मात्र 25 पहुंचे
Lucknow News - -120 चालकों की भर्ती के लिए लगाया गया दो दिनी रोजगार मेला -25 में से
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। रोडवेज में संविदा पर बस चालकों के लिए निकली 120 भर्तियों के प्रति बेरोजगारों में उत्साह नजर नहीं आया। चालकों की भर्ती के लिए रोडवेज की तरफ से सोमवार को कमता बस स्टेशन पर लगाए गए रोजगार मेला में मात्र 25 अभ्यर्थी ही पहुंचे। इसमें से भी दो अनुपयुक्त पाए गए और एक प्रथम चालक टेस्ट के दौरान नहीं आया। रोडवेज लखनऊ परिक्षेत्र की तरफ से संविदा बस चालकों के लिए रोजगार मेला कमता बस स्टेशन पर दो दिन के लिए लगाया गया है। पहले दिन सोमवार को आए 25 अभ्यर्थियों में अभिलेखों के सत्यापन में दो के अभिलेख अनुपयुक्त पाए गए।
शेष 23 के अभिलेख सही पाए जाने पर उन्हें प्रथम चालक टेस्ट के लिए बुलाया गया। इस दौरान एक अभ्यर्थी नहीं आया। सभी 22 प्रथम चालक टेस्ट में सफल रहे। अब उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को दूसरे चालक टेस्ट के लिए कानपुर स्थित प्रधानाचार्य प्रशिक्षण संस्थान एलेन फॉरेस्ट भेजा जाएगा। वहां से उत्तीर्ण होने के बाद उनकी भर्ती प्रक्रिया के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी। रोडवेज में संविदा चालक बनने के प्रति रोजगार मेला में पहले दिन काफी कम संख्या में अभ्यर्थियों के आने पर रोडवेज के अधिकारियों का कहना है कि अभी यह कहना उचित नहीं है कि चालक बनने को लेकर उत्साह नहीं है। संभवत: भर्ती प्रक्रिया के बारे में जानकारी के अभाव में ही पहले दिन कम लोग आए हैं। उम्मीद है कि दूसरे दिन मंगलवार को खासी संख्या में युवाओं की भीड़ उमड़ेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




