Lucknow News: इस्कॉन मंदिर में चार को मनाया जाएगा जन्माष्टमी महा महोत्सव
Lucknow News: श्रीश्री राधा रमण बिहारी मंदिर में चार सितंबर को जन्माष्टमी महा महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान का विशेष शृंगार किया जाएगा और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उपमुख्यमंत्री और अन्य नेताओं को आमंत्रित किया गया है। पांच सितंबर को श्रील प्रभुपाद चौक का उद्घाटन भी होगा।

Lucknow News: जरी-मोती से निर्मित विशेष पोशाक में सजेंगे श्रीश्री राधा रमण बिहारी जी पांच को नंदोत्सव व दही हांडी प्रतियोगिता
लखनऊ, संवाददाता।
सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्रीश्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन) में चार सितंबर को जन्माष्टमी महा महोत्सव मनाया जाएगा। मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम दास ने बताया कि जन्माष्टमी पर वृंदावन के विशेष कारीगरों द्वारा निर्मित जरी, मोती, मणि और माणिक्य से सुसज्जित भव्य पोशाक में श्री श्री राधा रमण बिहारी जी का दिव्य शृंगार किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक भगवान का अभिषेक (दूध, दही, घी, शहद व 1008 पवित्र तीर्थों के जल से) होगा। इसके बाद रात में 10 से 12 बजे तक मुख्य पांडाल में महाअभिषेक होगा। भगवान को 256 प्रकार के व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत
वहीं सांस्कृतिक पंडाल में शाम छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसमें मुकुन्दा रॉक बैंड की प्रस्तुति होगी। स्वागत नृत्य, भारतनाट्यम नृत्य, नाट्य प्रस्तुति के साथ ही संस्कारशाला के बच्चों द्वारा भी नाटक का मंचन किया जाएगा।
आमंत्रण और उपस्थिति
जन्माष्टमी समारोह के लिए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव समेत अन्य कई नेताओं को आमंत्रित किया गया है। प्रेसवार्ता में कमेटी के चेयरमैन आनंद स्वरूप अग्रवाल, सदस्य लाल गुप्ता, आलोक चंद्रा, लाल बहादुर यादव मौजूद रहे।
श्रील प्रभुपाद चौक का उद्घाटन
पांच को होगा श्रील प्रभुपाद चौक का उद्घाटन
पांच सितम्बर को श्रील प्रभुपाद जी की 130 वीं व्यास पूजा आविर्भाव महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान भक्तों द्वारा 256 प्रकार के भोग अर्पित किये जायेंगें। इसी दिन इस्कॉन मंदिर के दाहिने ओर लगभग 200 मीटर मुख्य मार्ग पर स्थिति चौराहे पर श्रील प्रभुपाद जी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। वहीं सुबह से पूजन, भजन कीर्तन, प्रभुपाद जी का अभिषेक आदि धार्मिक आयोजन होंगे। दोपहर तीन बजे नन्द उत्सव और दही हांडी इनामी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दोपहर दो बजे से विशाल भंडारा शुरू होगा।


