
लोकबंधु में आईसीयू का विस्तार अटका, बजट का इंतजार
Lucknow News - लोकबंधु अस्पताल में आग लगने के बाद से निर्माण कार्य का बजट नहीं मिला है। इससे ई-आईसीयू का विस्तार अटका है और कई विभाग बंद हैं। आईसीयू में बेड की कमी के कारण मरीजों को अन्य अस्पताल भेजा जा रहा है। निदेशक ने बताया कि बजट मिलते ही निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
लोकबंधु अस्पताल में हुए अग्निकांड के बाद से निर्माण कार्य का बजट नहीं मिला है। इससे अस्पताल में ई-आईसीयू का विस्तार अटक गया है। साथ ही दूसरी मंजिल के कई विभाग बंद चल रहे हैं। आईसीयू में सीमित बेड होने से मरीजों को दूसरे अस्पताल भेजा जा रहा है। लोकबंधु की निदेशक का कहना है कि शासन से बजट मिलते ही निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। लोकबंधु अस्पताल में 14 अप्रैल की रात दूसरे तल पर महिला वार्ड में आग लग गई थी। इससे आईसीयू समेत कई विभाग की ओटी में आग और धुआं पहुंच गया था। ऐसे में ओटी समेत दूसरे वार्डों को बंद कर दिया गया था।
अस्पताल के अफसरों ने कुछ दिन बाद ओटी समेत कुछ अन्य विभाग को पहले तल पर शिफ्ट कराकर मरीजों को इलाज देना शुरू कर दिया। करीब एक माह तक लोकबंधु अस्पताल का आईसीयू बंद रहा था। कई दिनों के बाद चार बेड का आईसीयू शुरू किया गया था। अफसरों ने उसका विस्तार कर 10 बेड कर लिए, जिस पर मरीजों को इलाज दिया जाने लगा। अग्निकांड के आठ माह बीतने के बाद भी अभी तक शासन से निर्माण कार्य के लिए बजट नहीं मिल सका है। बजट न मिलने की वजह से आईसीयू का विस्तार अटका है। साथ ही कुछ दूसरे विभाग का इलाज भी प्रभावित चल रहा है। लोकबंधु की निदेशक डॉ. संगीता ने बताया कि अभी 10 बेड का ई-आईसीयू संचालित किया जा रहा है। इस ई-आईसीयू का करार मेदांता अस्पताल से हुआ है। मेदांता अस्पताल के डॉक्टर मरीजों की स्थिति का आंकलन करके अपनी सेवाएं दे रहे हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ई-आईसीयू का विस्तार करते हुए 30 बेड पर मरीजों को इलाज दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




