कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंच चुके है। वहां पर मकर संक्रांति के अवसर पर प्रार्थना के बाद राहुल खिचड़ी दान में शरीक हुए। इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचने पर राहुल गांधी का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत हुआ। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने गुलदस्तों से अपने नेता का स्वागत किया। सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, विधायक आराधना मिश्रा मोना, एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व मंत्री रंजीत सिंह जूदेव, अम्मार रिजवी, सत्यदेव त्रिपाठी, बादशाह सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं ने श्री गांधी का स्वागत किया।
Amethi: Congress President Rahul Gandhi offers prayer, participates in 'Khichdi daan' #MakarSankranti pic.twitter.com/f7HmHHlWOE
— ANI UP (@ANINewsUP) January 15, 2018
सुबह से एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं की भीड़ जुटने लगी थी। हाथों में गुलदस्ते लिए कांग्रेस नेता एयरपोर्ट के अंदर वी वी आईपी लॉन्ज जाने के लिए कतारबद्ध थे। पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह, पार्टी प्रवक्ता वीरेंद्र मदान, अमरनाथ अग्रवाल, बृजेन्द्र कुमार सिंह व्यवस्था बनाने में सहयोग कर रहे थे। ठीक 10 बजे राहुल गांधी हवाई जहाज से उतरने के बाद सीधे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। लोगों ने उनका स्वागत किया। श्री गांधी गर्मजोशी से लोगों से मिले, हाथ मिलाया। इसके बाद वी वी आई लॉन्ज कुछ देर के लिए गए और उसके बाद अमेठी के लिए रवाना हो गए।
बता दें कि अपने सांसद के आने पर अमेठी में उत्सव सा माहौल है। कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह है। पूरे संसदीय क्षेत्र में जोरदार स्वागत की तैयारी है। बैंड बाजा के इंतजाम से लेकर तोरण द्वार तक लग गए हैं। कांग्रेस के झण्डे, बैनर, पोस्टर, कटआउट से अमेठी संसदीय क्षेत्र पट गया है।
दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को राहुल गांधी गेस्ट हाउस में सुबह 9 बजे से 10 बजे तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह मुसाफिरखाना जाएंगे। जहां पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। वहां से वह 12 बजे गौरीगंज के लिए रवाना होंगे। यहां उनका स्वागत कार्यक्रम रखा गया है। गौरीगंज के बाद जायस होते हुए राहुल गांधी साढ़े तीन बजे जगदीशपुर पहुंचेंगे। कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करने के बाद वह मोहनगंज जाएंगे। मोहनगंज में स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
अमेठी का अध्यक्ष होने पर बनती है सरकार
राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह है। कांग्रेसियों का मानना है कि जब-जब अमेठी से सांसद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं तब-तब केन्द्र में पार्टी की सरकार बनी है। स्व. राजीव गांधी और सोनिया गांधी का उदाहरण सामने हैं। राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद 2019 में कांग्रेस की सरकार बनने की संभावनाएं बढ़ गई है।
भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करें कांग्रेस कार्यकर्ता
राहुल गांधी ने अपने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र अमेठी जाते हुए सलोन में एक जनसभा में कहा कि, ''भाजपा के लोग एक के बाद एक झूठ बोलते हैं। 15 लाख रुपये का झूठ हो या किसानों को सही दाम देने का झूठ या फिर सड़क बनाने की बात हो...।'' उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि, ''ये आपकी जिम्मेदारी है कि इनका (भाजपा का) झूठ जनता के बीच जाकर बताएं।'' उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि, वे जनता को जाकर बतायें कि, कांग्रेस ने क्या किया और मोदी ने उनके साथ क्या किया।
अमेठी में ही लगेगा फूडपार्क
उन्होंने कहा कि, ''मगर मैं आपको एक बात कह देता हूं कि चाहे कुछ भी हो जाए, (अमेठी में) फूड पार्क बनेगा। ये काम मैं करके दिखाऊंगा।'' राहुल ने कहा, ''आप सुन लो। जैसे ही हमारी सरकार आएगी। चाहे गन्ना किसान हो या आलू किसान या अन्य किसान, फूड पार्क यहीं (अमेठी) लगेगा। आपका माल यहां बिकेगा। आपको सही दाम मिलेगा। ये मैं करके दिखाऊंगा।''