Lucknow News: शरीफाबाद से चलकर डफलापुर गांव तक आ धमका तेंदुआ
Lucknow News: बाराबंकी के सुबेहा क्षेत्र में तेंदुए की चहलकदमी बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। शरीफाबाद से डफलापुर गांव में तेंदुआ पहुंच गया है और उसके पगचिन्ह ग्रामीण क्षेत्र के आसपास देखे जा रहे हैं। पिछले एक महीने से तेंदुए की गतिविधियां देखी जा रही हैं, जिससे नगर पंचायत निवासियों में भी भय का माहौल बन गया है।

Lucknow News: सुबेहा (बाराबंकी)। तेंदुए की चहलकदमी अब तेज हो गई है। वह शरीफाबाद गांव से चलकर डफलापुर गांव आ धमका है। यहां से थोड़ी दूर ही नगर पंचायत सुबेहा की सीमा शुरू हो जाती है। तेंदुए की आहट से दहशत की सीमाएं धीरे- धीरे बढ़ती जा रही हैं। सुबेहा क्षेत्र में इस समय लोग तेंदुआ की आहट से दहशत में जी रहे हैं। एक माह से अधिक समय बीत चुका है। वह शरीफाबाद जंगल में अपनी आमद बरकरार बनाए हुए है। दस दिनों तक खामोश रहने के बाद उसकी गतिविधियां तेज हो गई है। बुधवार सुबह शरीफाबाद गांव के नजदीक एक गोवंश का शिकार बनाने के बाद वह जंगल के रास्ते से होकर डफलापुर गांव आ गया है।
शरीफाबाद से डफलापुर गांव तीन किलोमीटर दूर जंगली दूरी आंकी जाती है। डफलापुर गांव के बाहर एक धार्मिक स्थल मातनथान का स्थान है। वहां पर गुरूवार सुबह गांव वासियों को तेंदुआ के आने जाने के पगचिन्ह दिखाई दिए। जिसके चलते गांव में दहशत का माहौल हो गया है। वहीं से चंद दूर खेतों में भी पगचिंह दिखाई दिए। डफलापुर गांव से थोडी दूर नगर पंचायत सुबेहा की गढी वार्ड सीमा शुरू हो जाती है। जिसके चलते अब दहशत का असर नगर पंचायत निवासियों में भी दिखने लगा है।


