
अटल नगर आवासीय योजना के लिए पंजीकरण अब 2 दिसम्बर तक
संक्षेप: Lucknow News - लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अटल नगर आवासीय योजना के लिए पंजीकरण की अवधि बढ़ाकर 2 दिसम्बर, 2025 तक कर दी है। पंजीकरण केवल एलडीए की वेबसाइट पर होगा और आवास की अनुमानित कीमत का 5 प्रतिशत पंजीकरण शुल्क देना होगा। योजना में 2,496 फ्लैट्स उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 9.82 लाख रुपये से शुरू होगी।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की अटल नगर आवासीय योजना में भवनों के लिए पंजीकरण अब 2 दिसम्बर, 2025 तक कराया जा सकेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जन सामान्य की सुविधा के लिए पंजीकरण की अवधि बढ़ा दी है। पंजीकरण सिर्फ एलडीए की वेबसाइट से ही कराया जा सकेगा। इसके लिए भवन के अनुमानित मूल्य की 05 प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी, जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत होगी। भवनों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि देवपुर पारा की अटल नगर आवासीय योजना में अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए 12 से 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं।

इनमें से 1,832 भवन 01 बीएचके और 664 भवन 02 बीएचके के हैं। ये भवन 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हैं, जिनकी कीमत 9.82 लाख रुपये से शुरू होगी। एलडीए ने इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में लिफ्ट का भी प्रावधान किया है। स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एवं किड्स प्ले एरिया व पार्किंग आदि की पर्याप्त सुविधा दी जाएगी। विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि योजना के भवनों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 4 अक्तूबर से 21 नवम्बर, 2025 के मध्य खोला गया था। अभी तक 4 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। लोगों की सुविधा के लिए पंजीकरण अवधि बढ़ाई गई है। अब लोग 2 दिसम्बर, 2025 तक भवनों के लिए पंजीकरण करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि पंजीकरण बुकलेट 30 नवम्बर तक ही खरीदी जा सकेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




