
घटिया सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार पर एफआईआर
Lucknow News - चिनहट के विकल्प खंड में कमिश्नर के निरीक्षण में नई बनी सड़क मानकविहीन पाई गई। ठेकेदार अरविंद सिंह धामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि ठेकेदार ने घटिया सामग्री का उपयोग किया है। इससे नागरिकों में नाराजगी है और नगर निगम की छवि पर असर पड़ा है। जांच जारी है।
चिनहट इलाके के विकल्प खंड में बुधवार को कमिश्नर विजय विश्वास पंत के निरीक्षण में मानकविहीन पाई गई नई बनी सड़क के मामले में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। अवर अभियंता अपूर्व पांडेय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है। अपूर्व पांडेय के मुताबिक चिनहट के विकल्प खंड वार्ड- 2 में नगर निगम ने पेवर फिनिशर द्वारा सड़क निर्माण के लिए ठेकेदार अरविंद सिंह धामी को 28 अगस्त को ठेका दिया था। आरोप है कि ठेकेदार ने बिना किसी सूचना के 13 नवंबर की रात डीबीएम कर दिया। अगले दिन निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों पूरी तरह अनदेखा किया गया है।
सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। जिससे स्थानीय नागरिकों में काफी नाराजगी है। बताया कि ठेकेदार के खिलाफ पहले भी निर्धारित समय से कार्य शुरू न करने पर जुर्माना लगाया जा चुका है। इस घटिया निर्माण से सरकारी धन की बर्बादी हुई है। साथ ही नगर निगम की छवि भी खराब हो रही है। अधिकारियों ने संबंधित फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि घटिया निर्माण होने से ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




