विभूतिखंड थाने पर वकीलों ने किया प्रदर्शन, इंस्पेक्टर को हटाने की मांग
हाईकोर्ट के वकीलों ने विभूतिखंड थाने के इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के खिलाफ प्रदर्शन किया। वकील पंकज मिश्रा ने आरोप लगाया कि थाने में इंस्पेक्टर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक टिप्पणी की। वकीलों ने इंस्पेक्टर को हटाने की मांग की और पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हाईकोर्ट के वकीलों ने विभूतिखंड थाने के इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह की कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाना परिसर में प्रदर्शन किया। वकीलों ने पुलिस के आला अफसरों से मांग की कि इंस्पेक्टर को हटाया जाए। गुरुवार दिन में आलमबाग के एक वकील अपनी एफआईआर दर्ज कराने गए थे। आरोप है कि तभी वहां मौजूद इंस्पेक्टर ने उनसे अभद्र व्यवहार कर जातिसूचक टिप्पणी की। आलमबाग साकेतपुरी निवासी व वकील पंकज मिश्रा के मुताबिक वह अपने चचेरे ससुर गंगाधर प्रताप त्रिपाठी के खिलाफ शिकायत लेकर गुरुवार दिन में विभूतिखंड थाने में गए थे। पंकज का आरोप है कि विभूतिखंड इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने उनसे अभद्र व्यवहार किया।
जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने गालियां देते हुए इनकाउंटर करने, जेल भेजने की धमकी दी।पंकज के साथ अभद्र व्यवहार करने, गालियां देने की बात जब साथी वकीलों को पता चली तो कुछ ही देर में वह एकजुट हो गए। काफी संख्या में वकील विभूतिखंड थाने पहुंचे। थाना परिसर में ही इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। वकीलों का आरोप है कि इससे पहले भी इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह कई मामलों में विवाद कर चुके हैं। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी चल रही है। ऐसे में उन्हें विभूतिखंड या किसी भी अन्य थाने का प्रभारी बनाना उचित नहीं है। यह पुलिस एक्ट के भी खिलाफ है। इस मामले में वकील पंकज ने सहायक पुलिस आयुक्त विभूतिखंड को पत्र देकर आरोपी इंस्पेक्टर को हटाने, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस ने तुरंत ही वकील की ओर से दी गई तहरीर पर चचेरे ससुर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर वकील शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त हुआ। प्रदर्शन में एडवोकेट ध्रुव कुमार सिंह, विकास शाही आदि प्रमुख रूप से रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


