शहीद पथ के पास वकील की कार ओवरटेक कर फायरिंग
- ओमेक्स के न्यू हजरतगंज स्थित अपने चैंबर से घर लौटते समय हुई वारदात शहीद पथ के पास वकील की कार ओवरटेक कर फायरिंग

सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में शहीद पथ पर वकील पर दबंगों ने लाठी-डंडे से हमला बोलकर कार क्षतिग्रस्त कर दी। कार से घसीटकर बाहर निकालने का प्रयास करते हुए उन पर पिस्टल से फायरिंग की गई। उन्होंने कार भगाकर खुद की जान बचाई। पीड़ित ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंदिरा नगर निवासी वकील आदर्श सिंह ने बताया कि शनिवार शाम को ओमेक्स के न्यू हजरतगंज स्थित अपने चैंबर से घर लौट रहे थे। चैंबर से कुछ आगे बढ़ते ही एक हाफ डाला के चालक ने उनकी कार को ओवरटेक करके रोक लिया।
आरोप है कि उसमें से उतरे दबंगों ने उन्हें कार से बाहर खींचने का प्रयास किया। विरोध करने पर कार पर ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया। कुछ ही मिनट में दूसरी कार से आए एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। वकील के झुक जाने और तेजी से कार भगा लेने से वह बाल बाल बच गया। पीड़ित वकील का आरोप है कि शनिवार सुबह कुछ लोग उनके चैंबर पर एक मुकदमे की पैरवी न करने का दबाव बना रहे थे। इसी रंजिश में शाम को जानलेवा हमला किया गया। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में लगी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


