Lucknow News: पुलिस चौकी के बगल युवक पर हमलाकर मरणासन्न किया
Lucknow News: - कृष्णा नगर इलाके में सीसीटीवी में कैद हुई घटना - सराफा चौकी इंचार्ज

Lucknow News: कृष्णा नगर की सराफा पुलिस चौकी के ठीक बगल में गाड़ी हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। आरोपियों ने युवक पर जानलेवा हमला कर मरणासन्न कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उसकी तहरीर नहीं ली, बल्कि सादे पेपर पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के बजाए शांतिभंग में कार्रवाई कर दी। पीड़ित अमित वर्मा का आरोप है कि कबाब-पराठे का ठेला लगाने वाले लकी ने अपने कई साथियों के साथ मिलकर लाठी डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अमित गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
आरोप है कि बेहोश होने के बाद भी हमलावर उसे पीटते रहे। हमले की पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों की संख्या ज्यादा होने पर अमित के साथी डर से मौके से फरार हो गए। जब वह वापस लौटे तो अमित जमीन पर मरणासन्न हालत में पड़ा मिला। दोस्तों ने तुरंत ही उसे ले जाकर लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में सराफा पुलिस चौकी इंचार्ज शिशुपाल सिंह की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं। पीड़ित का आरोप है कि चौकी इंचार्ज शिशुपाल ने उसकी तहरीर ही नहीं ली। जबरन सादे पेपर पर उसके हस्ताक्षर करवा लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महज शांतिभंग में कार्रवाई की।


