योगी बोले आज के दौर में कृष्ण अवतारम जैसी फिल्में बहुत जरूरी
Lucknow News - -मुख्यमंत्री से भेंटकर बेहद उत्साहित दिखी फिल्म की पूरी टीम लखनऊ,

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शुक्रवार को सनातन धर्म के मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत से रची-बसी फिल्म कृष्ण अवतारम की टीम मिली। मुख्यमंत्री ने टीम के सदस्यों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि आज के समय में ऐसी फिल्में अत्यंत आवश्यक हैं। ये हमारे इतिहास और संस्कृति की उन कहानियों को सामने लाती हैं, जिनसे युवा पीढ़ी अक्सर अनभिज्ञ रहती है। इन कथाओं को संरक्षित करना और उन्हें ऐसे तरीके से प्रस्तुत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जो प्रेरणा दे, शिक्षित करे और सकारात्मकता तथा आशा का प्रसार करे।मुख्यमंत्री से मिलने के बाद टीम बेहद उत्साहित दिखी। गौरतलब है कि ‘कृष्ण अवतारम’ भगवान श्रीकृष्ण की कालजयी कहानियों पर आधारित एक भव्य सिनेमाई प्रस्तुति है।
फिल्म का पहला भाग ‘हृदयम्’ प्रेम की दिव्यता और उसके विविध रूपों पर केंद्रित है। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में पावन श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में लॉन्च किया गया, जहां टीम ने इसे भगवान श्रीकृष्ण के समस्त भक्तों को समर्पित किया। पूरा दिन कृष्ण के उपदेशों के अनुरूप सार्थक गतिविधियों में व्यतीत हुआ। इसमें गोशाला का भ्रमण और यशोदा मां के आश्रम में महिलाओं के साथ समय बिताना शामिल रहा, जो करुणा, सेवा और धर्म की भावना को प्रतिबिंबित करता है।यह फिल्म राधा-कृष्ण और रुक्मिणी-कृष्ण के शाश्वत व प्रतीकात्मक कथानकों को जीवंत करती है। साथ ही सत्यभामा की शक्तिशाली और अक्सर कम चर्चित यात्रा को भी प्रकाश में लाती है। सत्यभामा का किरदार ताकत, भावना और आध्यात्मिक विकास का प्रतीक है। उनकी दृष्टि से फिल्म कृष्ण की वे कहानियां प्रस्तुत करती है जो व्यापक रूप से ज्ञात नहीं हैं, जिससे दर्शकों को उनकी जीवन यात्रा और संबंधों की गहरी तथा नई समझ मिलती है।राज्यपाल आनंदी बेन की नातिन निभा रहीं सत्यभामा की भूमिकाराज्यपाल आनंदीबेन पटेल की नातिन, अभिनेत्री संस्कृति पटेल फिल्म में सत्यभामा का महत्वपूर्ण किरदार निभा रही हैं। उनका चरित्र कहानी की भावनात्मक और दार्शनिक यात्रा का प्रमुख सूत्रधार है। एक मजबूत क्रिएटिव टीम के सहयोग से और भव्य स्तर पर तैयार की गई ‘कृष्ण अवतारम’ फिल्म भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक दर्शकों के लिए प्रामाणिकता, संवेदनशीलता और सिनेमाई भव्यता के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


