Lucknow News: केजीएमयू में सर्वर ठप,पंजीकरण ठप
Lucknow News: -पर्चा-जांच के लिए लगी लंबी कतारें, ऑफलाइन शुरू हुई व्यवस्था -सुबह 10 बजे तक पर्चा

Lucknow News: लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता।केजीएमयू में सोमवार को सर्वर की खराबी ने हजारों मरीजों की मुश्किल बढ़ा दी। सुबह ओपीडी शुरू होने के साथ ही ऑनलाइन व्यवस्था ठप हो गई। इसका असर नए और पुराने ओपीडी ब्लॉक में पंजीकरण के साथ ही जांच शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पर पड़ा। पर्चा और जांच शुल्क जमा नहीं होने से मरीज घंटों कतार में खड़े रहे। करीब तीन घंटे पंजीकरण से लेकर रिपोर्ट लेने तक की व्यवस्था प्रभावित रही।केजीएमयू की ओपीडी में सोमवार को सुबह आठ बजे से पर्चा बनना शुरू होना था, लेकिन सर्वर नहीं चलने से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। सुबह करीब 10 बजे तक इंतजार के बाद मरीज और तीमारदारों का धैर्य जवाब दे गया।
उन्होंने काउंटरों पर हंगामा शुरू कर दिया। मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंची तो मरीजों को राहत देने के लिए तत्काल ऑफलाइन व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद जांच शुल्क मैन्युअल तरीके से जमा कराया जाने लगा। प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि एनआईसी दिल्ली की ओर से सर्वर में तकनीकी दिक्कत आई थी। सर्वर बहाल होने तक मरीजों की सेवाएं मैन्युअल तरीके से संचालित की गईं।


