केजीएमयू के छात्रों को सेना देगी इलाज का प्रशिक्षण

हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

लखनऊ में केजीएमयू और भारतीय सेना के बीच एक करार हुआ है, जिसके तहत सेना के डॉक्टर कठिन परिस्थितियों में इलाज की ट्रेनिंग देंगे। केजीएमयू के छात्र सीमित संसाधनों में चिकित्सा प्रदान करने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करेंगे। इसके साथ ही, दोनों संस्थान संयुक्त रूप से स्वास्थ्य चुनौतियों पर शोध करेंगे।

केजीएमयू के छात्रों को सेना देगी इलाज का प्रशिक्षण

लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। अब केजीएमयू और सेना के डॉक्टर कठिन परिस्थितियों में इलाज की चुनौतियों का हल खोजने की दिशा में काम करेंगे। इसी मकसद से शुक्रवार को केजीएमयू और ऑफिसर्स ट्रेनिंग सेंटर एंड कॉलेज (भारतीय सेना) के बीच प्रशिक्षण, कार्यशालाओं एवं अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए करार हुआ।केजीएमयू के सेंटर फॉर एडवांस्ड स्किल्स डेवलपमेंट विभाग के प्रभारी डॉ. समीर मिश्रा ने बताया कि भारतीय सेना के डॉक्टरों को लद्दाख की बर्फीली पहाड़ियों, रेगिस्तानी इलाकों और समुद्री क्षेत्रों जैसी अलग-अलग परिस्थितियों में काम करना पड़ता है। युद्ध, आपदा या बड़े हादसों की स्थिति में सबसे पहले सेना के डॉक्टर ही मोर्चा संभालते हैं।

ऐसे में डॉक्टरों को सीमित संसाधनों के बीच बेहतर इलाज देने और जोखिम भरी परिस्थितियों में काम करने की विशेष ट्रेनिंग की आवश्यकता होती है। मेडिकल कॉलेजों के छात्र आधुनिक अस्पतालों में इलाज करना सीखते हैं। लेकिन उन्हें कम ऑक्सीजन वाले क्षेत्रों या सीमित संसाधनों वाले छोटे अस्पतालों में इलाज की व्यावहारिक जानकारी कम होती है। अब सेना के डॉक्टर केजीएमयू के छात्रों को ऐसी परिस्थितियों में काम करने की ट्रेनिंग देगी। वहीं केजीएमयू के विशेषज्ञ सेना के डॉक्टरों को अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों और बड़े अस्पतालों की कार्यप्रणाली से अवगत कराएंगे। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण मॉडल तैयार किए जाएंगे। अभी तक केजीएमयू में आने वाले मरीजों के आधार पर ही रिसर्च होती रही है, लेकिन अब चीन और पाकिस्तान सीमा क्षेत्रों में सैनिकों को होने वाली बीमारियों, वहां के मौसम और स्वास्थ्य चुनौतियों पर संयुक्त शोध किया जाएगा। दोनों संस्थानों के डॉक्टर मिलकर इन समस्याओं का स्थायी समाधान खोजने का प्रयास करेंगे। यह समझौता कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद तथा लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह, मेजर जनरल वीके पात्रा, जनरल केजे सिंह, क्वीनमेरी की अध्यक्ष डॉ. अंजू अग्रवाल, डॉ. हरदीप सिंह मेहरोत्रा, डॉ. समीर मिश्रा और सह-प्रभारी डॉ. दिव्य नारायण उपाध्याय की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।