कांग्रेस ने हमेशा विध्वंसक तत्वों के प्रति नरम रुख अपनाया : केशव

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नक्सल-मुक्त भारत की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों की मंगलवार को सराहना करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस ने हमेशा विध्वंसक तत्वों के प्रति नरम रुख अपनाया : केशव

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नक्सल-मुक्त भारत की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों की मंगलवार को सराहना करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसका नेतृत्व हमेशा इन विध्वंसक तत्वों के प्रति नरम रुख अपनाता रहा। नक्सलियों के खिलाफ जब-जब कड़ी कार्रवाई हुई, तब-तब कांग्रेस और गांधी परिवार को सबसे अधिक पीड़ा हुई।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के लौह संकल्प ने देश को दशकों तक जकड़े रखने वाले लाल आतंक की कमर तोड़ दी है। जो क्षेत्र कभी नक्सलियों के कब्जे में थे, वहां आज विकास, विश्वास और राष्ट्रभक्ति की नई धारा प्रवाहित हो रही है।उन्होंने

कहा कि कांग्रेस ने कभी भी राज्य सरकारों के सशक्त प्रयासों को प्रोत्साहित नहीं किया, बल्कि उन्हें हतोत्साहित करने का काम किया। छत्तीसगढ़ में सलवा-जुडूम जैसे आंदोलनों के प्रति कांग्रेस का रवैया इसका स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान नक्सलियों का मनोबल बढ़ा, लेकिन मोदी सरकार ने सत्ता में आते ही इस चुनौती को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया और उसे सिद्ध भी किया।केशव प्रसाद ने कहा कि नक्सलियों के साथ-साथ अर्बन नक्सल भी विकसित भारत के रास्ते में एक बड़ा रोड़ा बने हुए हैं।

ये शहरों में बैठकर खंडित और विध्वंसक विचारधारा के जरिए युवाओं को भ्रमित करने का काम करते हैं। कांग्रेस आज भी उसी पुरानी सोच से बाहर नहीं निकल पाई है, जिसने देश को दशकों तक हिंसा और अस्थिरता की आग में झोंक दिया। यह पार्टी लोकतंत्र का मुखौटा पहन कर राष्ट्रविरोधी विचारों को संरक्षण देने का काम करती रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब न केवल नक्सलवाद और आतंकवाद से मुक्त हो रहा है, बल्कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर मजबूती से अग्रसर है। यह नया भारत है, जहां लाल आतंक नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, विकास और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ही नयी पहचान है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।