कपूरथला कॉम्प्लेक्स के री-डेवलपमेंट की तैयारी तेज
कपूरथला कॉम्प्लेक्स का री-डेवलपमेंट लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शुरू किया गया है। निजी डेवलपर्स से प्रस्ताव मांगे गए हैं। यह परियोजना 6000 वर्गमीटर क्षेत्र में नए व्यावसायिक परिसर के निर्माण और पार्किंग की समस्या को हल करने के लिए है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कपूरथला कॉम्प्लेक्स के री-डेवलपमेंट की तैयारी तेज एलडीए ने जारी किया आरएफपी,आधुनिक व्यावसायिक सुविधाएं होंगी विकसित
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
लखनऊ के पुराने और व्यस्त व्यावसायिक केंद्रों में शामिल कपूरथला कॉम्प्लेक्स अब नए रूप में नजर आएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने कपूरथला कॉम्प्लेक्स के री-डेवलपमेंट के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी कर दिया है। इसके तहत निजी डेवलपर्स से प्रस्ताव मांगे गए हैं। प्राधिकरण की ओर से जारी पत्र के अनुसार,इस परियोजना के प्रस्ताव के प्रस्तुतीकरण के लिए कुछ कंपनियों को एलडीए आमंत्रित किया गया है। इस परियोजना के जरिए अलीगंज स्थित कपूरथला कॉम्प्लेक्स को आधुनिक सुविधाओं से लैस व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
6000 वर्गमीटर क्षेत्र में होगा नया निर्माण
करीब 6000 वर्गमीटर क्षेत्र में बने कपूरथला कॉम्प्लेक्स को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। मौजूदा ढांचे की जगह आधुनिक व्यावसायिक परिसर तैयार होगा, जहां व्यापारियों और ग्राहकों दोनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एलडीए अधिकारियों के अनुसार, री-डेवलपमेंट के बाद यहां अधिक दुकानों और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जगह मिल सकेगी।
पार्किंग से मिलेगी राहत
सबसे बड़ी राहत पार्किंग की समस्या से मिलने वाली है। वर्तमान में कपूरथला क्षेत्र में पार्किंग का भारी संकट रहता है, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। नई योजना में बहुस्तरीय और बड़ी पार्किंग बनाई जाएगी, जहां सैकड़ों गाड़ियां खड़ी हो सकेंगी। इससे आसपास के इलाकों में ट्रैफिक दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
पहले भी बनी थी योजना लेकिन अधिकारी नहीं कर पाए काम
कपूरथला कॉम्प्लेक्स के पुनर्विकास का प्रस्ताव पहले भी तैयार किया गया था, लेकिन कई स्तरों पर चर्चा होने के बावजूद कार्यवाही ठंडे बस्ते में चली गई थी। अब प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर इस परियोजना को दोबारा गति दी गई है। प्रथमेश कुमार के मुताबिक पुराने बाजारों और कॉम्प्लेक्सों का आधुनिकीकरण शहर के विकास के लिए जरूरी है। इसी दिशा में कपूरथला कॉम्प्लेक्स का री-डेवलपमेंट एक बड़ी परियोजना पर काम किया जा रहा है।
व्यापारियों और लोगों को मिलेगी राहत
परियोजना पूरी होने के बाद व्यापारियों को आधुनिक व्यावसायिक स्थान, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, सुव्यवस्थित पार्किंग और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। वहीं, स्थानीय लोगों को भी जाम और अव्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद है। एलडीए अब प्रस्तुतीकरण और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले चरण की कार्रवाई शुरू करेगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


