कन्या सुमंगला योजना: अब सभी 6 श्रेणियों में मिलेगी बड़ी हुई धनराशि
Lucknow News - -बजट 2024-25 में योगी सरकार ने योजना के तहत दी जाने वाली 15 हजार की

-बजट 2024-25 में योगी सरकार ने योजना के तहत दी जाने वाली 15 हजार की धनराशि को बढ़ाकर किया 25000 रुपए
-बेटी के जन्म के समय अब 2000 रुपए की बजाय मिलेंगे 5000 रुपए
-एक वर्ष की आयु तक समस्त टीकाकरण पूर्ण होने पर 1000 रुपए की जगह प्राप्त होंगे 2000 रुपए
-कक्षा 1, कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश पर 1-1 हजार रुपए की जगह अब 2-2 हजार रुपए मिलेंगे
-10वीं या 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर 2 वर्षीय या अधिक अवधि के डिप्लोमा या स्नातक में प्रवेश पर 5000 की बजाय अब दी जाएगी 7000 रुपए की धनराशि
-महिला कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश में अप्रैल, 2019 से संचालित है 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना'
लखनऊ-विशेष संवाददाता
प्रदेश सरकार ने ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना योजना के तहत दी जाने वाली धनराशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर अब 25000 रुपये कर दिया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के मिशन को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही योगी सरकार ने बजट 2024-25 से 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' के तहत प्रदान की जाने वाली धनराशि को बढ़ाने के लिए प्रावधान किया था। यह धनराशि 6 किश्तों या यूं कहें कि 6 श्रेणियों में प्रदान की जाती है। बजट में किए गए प्राविधान के अनुसार अब सभी 6 श्रेणियों में धनराशि को बढ़ाया गया है।
कन्या भ्रूण हत्या को समाप्त करने, समान लैंगिक अनुपात स्थापित करने, बाल विवाह की कुप्रथा को रोकने, बालिकाओं के स्वास्थ्य व शिक्षा को प्रोत्साहन देने, बालिकाओं का स्वावलम्बी बनाने में सहायता प्रदान करने तथा बालिका के जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से महिला कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश में अप्रैल, 2019 से 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' शुरू की गई थी। योजना में अभी तक पात्र बालिकाओं को 6 चरणों में 15000 की धनराशि प्रदान की जाती रही है।
समस्त पात्र बेटियों को मिलेगा लाभ
विभाग की निदेशक संदीप कौर के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 से 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' की 6 श्रेणियों में प्राप्त होने वाली कुल धनराशि को 15000 से बढ़ाकर 25000 रुपए किए जाने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री की घोषणा के मद्देनज़र समस्त पात्र लाभार्थियों को योजना के तहत 6 विभिन्न श्रेणियों में देय धनराशि में वृद्धि किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत अब बेटी के जन्म के समय दी जाने वाली 2000 रुपये की धनराशि को बढ़ाकर 5000 रुपये किया गया है।
वहीं एक वर्ष की आयुंतक समस्त टीकाकरण पूर्ण होने पर 1000 रुपये की जगह अब 2000 रुपये दिए जाएंगे। इसी तरह, कक्षा 1, कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश पर 1-1 हजार रुपये की जगह अब 2-2 हजार रुपये दिए जाएंगे। अंत में 10वीं या 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर दो वर्षीय या अधिक अवधि के डिप्लोमा या स्नातक में प्रवेश पर 5000 की बजाय अब 7000 रुपये की धनराशि दी जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




