कानपुर-आगरा मेट्रो परियोजना में तेजी लाई जाए: मुख्यमंत्री
- केंद्र सरकार से फंडिंग की व्यवस्था की जाए
- केंद्र सरकार से फंडिंग की व्यवस्था की जाए
- गाजियाबाद मेट्रो के प्रगति की जानकारी ली
प्रमुख संवाददाता- राज्य मुख्यालय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा चुनाव की व्यस्तता खत्म होने के बाद मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो रेल परियोजना में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही गाजियाबाद मेट्रो रेल परियोजना विस्तार के बारे में भी पूछा।
उन्होंने आवास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कानपुर व आगरा मेट्रो रेल परियोजना के लिए सभी जरूरी क्लीयरेंस तीन माह में हर-हाल में ले लिए जाएं। इसके साथ ही केंद्र से फंडिंग के लिए सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। उन्होंने कानपुर और आगरा परियोजना का काम जमीनी स्तर प्रगति के बारे में भी पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर और आगरा मेट्रो रेल परियोजना 2021 में हर हाल में पूरी करते हुए इसका संचालन शुरू करा दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने सीएम आवास पांच कालीदास मार्ग पर आवास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रमुख सचिव आवास नितिन रमेश गोकर्ण से उन्होंने कानपुर और आगरा मेट्रो रेल परियोजना में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पूछा की परियोजना शुरू करने के लिए अब तक कितने काम हो चुके हैं। परियोजना शुरू करने से पहले केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बारे में भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि तीन माह में सभी जरूरी क्लीयरेंस संबंधित विभागों से लेने की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाए। मेट्रो रेल परियोजना के लिए जरूरी जमीन की व्यवस्था भी जल्द कर ली जाए। मेट्रो परियोजना के रूट में आने वाली जमीनें अधिग्रहीत करने में जरूरी प्रक्रिया समय से पूरी की जाए। उन्होंने इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया कि मेट्रो रेल परियोजना में पैसे की व्यवस्था के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाए। केंद्र से पैसा मिलने के बाद शेष राशि की अपने स्तर पर व्यवस्था लोन के माध्यम से की जाए।