नेचर के बीच लजीज खाने का लें मजा, लखनऊ की बटलर झील का ‘आईलैंड कैफे’ 15 दिन में शुरू
Lucknow News - लखनऊ के ऐतिहासिक बटलर झील के बीच एक आईलैंड कैफे खोला जाएगा। लोग पेडेस्ट्रियन ब्रिज से कैफे पहुंचकर प्राकृतिक सुंदरता के बीच लजीज व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्थल निरीक्षण के बाद 15 दिन में कैफे संचालन के आदेश दिए हैं।

ऐतिहासिक बटलर झील के बीच बने आईलैंड में कैफेटेरिया खुलेगा। इसका नाम आईलैंड कैफे होगा। लोग पेडेस्ट्रियन ब्रिज के रास्ते इस कैफे में जाकर प्राकृतिक सुदंरता के बीच लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को स्थल निरीक्षण करके इस बाबत आदेश जारी किए हैं। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्राधिकरण ने बटलर झील के संवर्द्धन व सौंदर्यीकरण का कार्य कराया है। झील के बीचों-बीच आईलैंड विकसित किया गया है, जिसमें एक कैफेटेरिया बनाया गया है। 15 दिन के अंदर यहां आईलैंड कैफे संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां लोग प्राकृतिक सुंदरता के बीच अपने परिवार के साथ बेहतर समय बिता सकेंगे।
इसके अलावा बटलर पैलेस में कराए जा रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया गया। यहां अप्रैल तक कैफेटेरिया बनकर तैयार हो जाएगा। वहीं, प्रथम तल पर कराये जा रहे जीर्णोद्धार एवं फसाड अपलिफ्टमेंट के कार्य जुलाई माह तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पैलेस के पिछले हिस्से में स्थित लॉन में लैंडस्केपिंग व हॉर्टीकल्चर के कार्य कराए जाएंगे।
पार्कों में इस्तेमाल होगी पुरानी रेलिंग व खंभे एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने हजरतगंज में फसाड कंट्रोल गाइडलाइन के अंतर्गत कराए जा रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि हजरतगंज में बदली जा रही पुरानी रेलिंग व बिजली के खम्भों को प्राधिकरण की आवासीय योजनाओं में विकसित किए जा रहे पार्कों व ग्रीन बेल्ट में इस्तेमाल किया जाए। निरीक्षण में पाया गया कि कुछ व्यापारियों ने दुकानों के पुराने साइनेज बोर्ड नहीं हटाए हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों से वार्ता करके पुराने बोर्ड हटाकर निर्धारित कलर कोड व साइज के नये साइनेज बोर्ड लगवाये जाएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



