
लोकबंधु में फायर उपकरण लगाने का काम जल्द पूरा हो
Lucknow News - - लोकबंधु अस्पताल में स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन की टीम ने निरीक्षण किया लखनऊ, संवाददाता।
लोकबंधु अस्पताल में एफआरयू (फर्स्ट रेफरल यूनिट) की क्रियाशीलता और मौजूद संसाधन के सत्यापन के लिए नियोजन विभाग स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन की टीम ने निरीक्षण किया। अस्पताल में आग लगने के बाद फायर उपकरण, पानी की पाइपलाइन के लिए काम किया जा रहा है। टीम ने इसे तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। टीम ने आग से बचाव के संसाधनों के साथ दूसरे विभागों, ब्लड स्टोरेज यूनिट आदि का निरीक्षण किया। उप्र. शासन से नामित डॉ. राजश्री चौधरी ने लोकबंधु की निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता के साथ सभी विभागों में जाकर भर्ती मरीजों से मुहैया कराए जा रहे इलाज से जुड़ी जानकारी हासिल की।
साथ ही विभागों के रजिस्टर आदि की जांच की। लोकबंधु के एमएस डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल में 24 घंटे विशेष स्वास्थ्य सेवाएं मरीजों को दी जा रही हैं। आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों से आने वाले गंभीर मरीजों को लोकबंधु में रेफर किया जाता है। एफआरयू के तहत सिजेरियन डिलीवरी, ब्लड स्टोरेज, नवजात एवं बाल चिकित्सा देखभाल जैसी सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सेवाओं का गुणवत्ता आश्वासन के तहत एन्क्वास, कायाकल्प एवं मुस्कान सर्टिफिकेशन मानकों के अनुसार नियमित मूल्यांकन किया जाता है। साथ ही मातृ एवं नवजात मृत्यु की मासिक समीक्षा भी की जाती है। अस्पताल में बोरवेल पाइपलाइन एवं फायर स्प्रिंकलर का काम चल रहा है। इस वजह से कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था प्रभावित है। टीम ने इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब एवं ब्लड बैंक को उप्र. में मॉडल के रूप में सराहा। साथ ही एसएनसीयू एवं केएमसी में उच्च गुणवत्ता के साथ नवजात शिशुओं को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं को सराहा। इस मौके पर सीएमएस डॉ. राजीव कुमार दीक्षित, एमएस डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी, डॉ. पीसी तिवारी, डॉ. नीलांबर झा, डॉ. नीलम अहिरवार, मैनेजर धनंजय प्रताप आदि रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




