
इरिटम देश का पहला फाइव स्टार रेटिंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट बना
Lucknow News - भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम) को भारत सरकार के क्षमता निर्माण आयोग द्वारा फाइव-स्टार केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान के रूप में मान्यता दी गई है। यह देश का पहला रेलवे सेंट्रलाइज्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट है जिसे यह मान्यता मिली है। इसके महानिदेशक ने इसे भारतीय रेलवे के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम) को क्षमता निर्माण आयोग, भारत सरकार ने सर्वोत्कृष्ट फाइव स्टार केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान के रूप में मान्यता दी। इस मान्यता के साथ यह देश का पहला रेलवे सेंट्रलाइज्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट बन गया, जिसे फाइव-स्टार रैंकिंग मिली है। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान लखनऊ, रेलवे ट्रेनिंग और कैपेसिटी बिल्डिंग के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान है। ट्रेनिंग में उत्कृष्टता के लिए इसे जाना जाता है। भारत सरकार के क्षमता निर्माण आयोग (सीबीसी) की ओर से किए गए ऑडिट के बाद 23 जनवरी को इसे फाइव स्टार रेटिंग दी गई है। संस्थान के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर ने कहा कि इस प्रतिष्ठित मान्यता के साथ, भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान देश के अग्रणी ट्रेनिंग संस्थानों में से सबसे बेहतर बन कर उभरा है, जो भारतीय रेलवे में व्यावसायिक विकास, नवाचार और नेतृत्व निर्माण में नए मानक स्थापित कर रहा है।
संस्थान, रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उच्च-गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। कहा कि संस्थान का लक्ष्य ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट, ऑपरेशनल दक्षता, पॉलिसी फ्रेमवर्क, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और सतत प्रथाओं पर केंद्रित है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने में संकाय सदस्यों और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। कहा कि यह मान्यता रेलवे ट्रेनिंग में इनोवेशन, शिक्षार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण और वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को और सुदृढ़ करने के लिए एक मजबूत प्रेरणा के रूप में कार्य करेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




