
इकाना स्टेडियम में भारत–अफ्रीका टी-20 मैच की तैयारियां तेज, खूब बरसेंगे रन !
Lucknow News - 17 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के आयोजन की तैयारी के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सुरक्षा, सफाई, खाद्य गुणवत्ता और चिकित्सा सुविधाओं पर जोर दिया।
आगामी 17 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) बब्लू कुमार ने महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में स्टेडियम प्रबंधन, आयोजकों, बीसीसीआई और यूपीसीए अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मैच ऐसा हो कि खिलाड़ी और दर्शक यहां से अच्छा अनुभव लेकर जाएं। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि पूरे स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों की स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों के कोई भी पहलू अधूरा नहीं रहना चाहिए।

नगर निगम और स्टेडियम टीम को संयुक्त रूप से पूरे बाहरी क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पार्किंग स्थल पर पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता, जल संस्थान द्वारा टैंकरों की व्यवस्था और नगर निगम द्वारा मोबाइल शौचालय लगाए जाने को भी अनिवार्य किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग को स्टेडियम के अंदर-बाहर फूड सैंपलिंग के लिए टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि चयनित वेंडरों द्वारा बेचे जाने वाले सभी खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच अनिवार्य होगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया गया कि स्टेडियम के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर जीवनरक्षक दवाओं से युक्त एम्बुलेंस तैनात की जाए और दो मेडिकल कैंप विशेषज्ञ डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ के साथ लगाए जाएं। स्टेडियम के अंदर भी डॉक्टरों की टीम उपलब्ध रहेगी। लोक निर्माण विभाग को शहीद पथ के सभी एंट्री–एग्जिट रैंप की मरम्मत कराने और नगर निगम को मार्ग प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम नगर पूर्वी महेंद्रपाल सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, एडीएम ट्रांस गोमती सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


