Lucknow News: कैफे की आड़ में चल रहा था हुक्का बार, युवतियों से डांस कराने का आरोप
Lucknow News: लखनऊ में कैफे में अवैध हुक्का-शराब बार और अश्लील गानों पर युवतियों से डांस कराने का मामला सामने आया है। बीजेपी युवा मोर्चा के एक नेता ने आरोप लगाया कि कैफे में उनका मोबाइल छीन लिया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

Lucknow News: लखनऊ, संवाददाता। आशियाना इलाके के पास कैफे की आड़ में अवैध हुक्का-शराब बार चलाने और अश्लील गानों पर युवतियों से डांस कराने का मामला सामने आया है। प्रकरण में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के निवर्तमान नगर मंत्री की तहरीर पर पुलिस ने चार संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, आलमबाग मिल रोड (मवैया) निवासी भाजपा युवा मोर्चा के नगर मंत्री शुभम शुक्ला बृहस्पतिवार रात करीब 9:15 बजे अपने साथी करण यादव और अश्वनी दीपांकर के साथ 'मिनिस्ट्री कैफे' गए थे। शुभम शुक्ला का आरोप है कि कैफे के अंदर धड़ल्ले से अवैध रूप से हुक्का और शराब का सेवन कराया जा रहा था तथा अश्लील गानों पर युवतियों से डांस कराया जा रहा था।
वीडियो रिकॉर्डिंग और धमकी
जब उन्होंने अपने मोबाइल फोन से इस पूरी गतिविधि का वीडियो बनाना शुरू किया, तो वहां मौजूद प्रशांत यादव, अभिषेक यादव, अनमोल और आदर्श नाम के युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया। उनके साथ गाली-गलौज करते हुए एक वीडियो डिलीट कर दिया गया। आरोप है कि कैफे संचालकों ने असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित युवा नेता ने फोन पर आशियाना पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी संचालक कैफे पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। आशियाना इंस्पेक्टर गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


