चौक से निकला ऐतिहासिक जुलूस, ऊंट पर बैठकर डिप्टी सीएम ने खेली होली
Lucknow News - लखनऊ में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। चौक पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ऊंट पर बैठकर होली खेलते नजर आए। विभिन्न नेता और नागरिक रंग गुलाल के साथ एक-दूसरे को बधाई देते रहे। बाजारों में भी होली के रंग देखने को मिले, जहां लोगों ने मस्ती और भाईचारे के साथ त्योहार मनाया।

चौक से निकला ऐतिहासिक जुलूस, ऊंट पर बैठकर डिप्टी सीएम ने खेली होली -शहर, गांव से लेकर प्रमुख बाजारों में दिखे होली उत्सव के नजारे -डीजे से लेकर ढोल नगाड़ों पर होली गीतों पर खूब नाचे लोग लखनऊ, संवाददाता। होली का पर्व शहर से गांव तक बुधवार को हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। हर किसी ने एक दूसरे पर लाल, हरे, पीले, नीले समेत अनेक रंग के गुलाल और रंग से रंगा। पुराने शहर में चौक की परंपरागत होली में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, विधायक डा.. नीरज बोरा समेत अन्य नेताओं ने एक दूसरे पर रंग गुलाल डालकर सभी को होली की बधाई दी।
सोमवार देर रात शुभ मुहूर्त में होलिका दहन के बाद भद्रा और चंद्र ग्रहण की वजह से मंगलवार को होली नहीं खेली गई, लेकिन बुधवार को हर गली मोहल्ले से लेकर कॉलोनियों और अपार्टमेटों तक होली के अलग-अलग रंग देखने को मिले। लोगों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया। चिप्स पापड़ संग गुझिया खिलाकर बधाई दी। चौक की मशहूर होली में लोगों ने ऊंट, घोड़ा, ढोल-नगाड़ों, रंग गुलाल के साथ खूब जश्न मनाया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और पूर्व डिप्टी सीएम व सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने चौक पहुंचकर खूब होली खेली। ब्रजेश पाठक ऊंट पर बैठकर निकले तो वहीं दिनेश शर्मा खुली जिप्सी में सवार होकर चौक में पहुंचे। दिनेश शर्मा ने ब्रजेश पाठक पर रंग डाला तो उन्होंने खुद का मुंह चुनरी से ढककर बचाव किया। ब्रजेश पाठक ने प्रेशर सिलेंडर और पिचकारी से लोगों पर रंग गुलाल डाला। यहां पर विधायक डाॅ. नीरज बोरा, चौक के पार्षद अनुराग मिश्रा अन्नू, पूर्व सांसद लालजी टंडन के बेटे अमित टंडन आदि प्रमुख नेता रहे। -ईरान अमेरिका के बीच प्रेम की पिचकारी चले डा. दिनेश शर्मा ने चौक के जुलूस की मस्ती में सराबोर होकर होली पर तमाम विपक्षी नेताओं को संदेश दे डाला। कहा कि चौक की यह ऐतिहासिक होली है। ईरान अमेरिका के बीच प्रेम की पिचकारी चले। यूक्रेन या युद्ध समाप्त हो। विश्व में शांति बनी रहे। आगे कहा कि अखिलेश यादव हो या मायावती सभी एक होकर इस देश के विकास में लगे। मायावती जातिवाद से दूर रहें। राहुल का विदेश प्रेम कम हो। फिर चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी के लिए हम यही कहेंगे कि वह एक से दो और दो से तीन हो जाएं। -मुस्लिम व दूसरे वर्ग के लोग शामिल हुए पूर्व सांसद लालजी टंडन के बेटे अमित टंडन ने कहा कि अमृतलाल नागर और लालजी टंडन उर्फ बाबूजी ने चौक की इस पारंपरिक होली की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य था कि समाज के सभी धर्म और वर्ग के लोग मिलकर इस पर्व को मनाएं। इस जुलूस में हिन्दुओं के साथ में रमजान के बीच मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी शामिल रहते हैं। सभी वर्ग के लोग जुलूस का स्वागत रंग गुलाल और पुष्पों की वर्षा के साथ करते हैं। फूल और रंगों की एक स्वस्थ और स्वच्छ होली खेली जाए। -बाजारों में दिखे अलग नजारे शहर के प्रमुख बाजारों के व्यापारियों, स्थानीय लोगों और संगठनों ने होली मिलन समारोह किए। हजरतगंज, कैसरबाग, अमीनाबाद समेत अन्य बाजारों के व्यापारियों ने डीजे और होली गीतों के बीच खूब मस्ती की। इन बाजारों में हमेशा की तरह इस बार भी होली आकर्षण का केंद्र रही। सभी ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर, पुष्प वर्षा कर गुझिया नमकीन पारंपरिक पकवान खिलाकर होली की शुभकामनाएं दीं। व्यापारियों ने कहा कि होली भाईचारे और मेल-मिलाप का त्योहार है। इसे हमेशा उत्साह से मनाया जाता है। इन बाजारों में नेता, मंत्री समेत शहर की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल रहीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


