फरवरी में शुरू हो सकेंगी 14 पॉली क्लीनिक, विशेषज्ञ देंगे इलाज
Lucknow News - स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय उपचार के लिए पॉली क्लीनिक खोलने की योजना बनाई है। हालांकि, विशेषज्ञों की कमी के कारण संचालन रुका हुआ है। अगले माह से विशेषज्ञों की तैनाती का आश्वासन दिया गया है। 14 पॉली क्लीनिक खोले जाएंगे, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध होंगी।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को घर के पास ही बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए पॉली क्लीनिक खुलवाने की जगह तो तय कर ली गई, लेकिन विभाग को इन क्लीनिक पर तैनाती के लिए अभी तक विशेषज्ञ नहीं मिले हैं। ऐसे में क्लीनिक का संचालन फंसा है। क्लीनिक पर निजी विशेषज्ञ की तैनाती होनी है। इसके लिए एनएचएम से बजट भी स्वीकृत हो चुका है। सीएमओ का कहना है कि विशेषज्ञों ने अनुबंध करके अगले माह से पॉली क्लीनिक का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर 108 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का संचालन किया जा रहा है।
इन केंद्रों पर एमबीबीएस डॉक्टर की तैनाती है। विशेषज्ञ न होने से मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े अस्पताल रेफर किया जाता है। मरीजों की समस्या को देखते हुए एनएचएम की ओर से 14 पॉली क्लीनिक शुरू करने का फैसला पिछले साल तैयार किया गया था। हर क्लीनिक पर दो-दो विशेषज्ञ तैनात किए जाने हैं, जिसमें ईएनटी, बाल रोग, गाइनी, एमडी मेडिसिन, कैंसर विधा समेत अन्य विशेषज्ञ तैनात किए जाएंगे। क्लीनिक में तैनात होने वाले विशेषज्ञों को रोजाना का पांच हजार रुपए का भुगतान किया जाएगा। एक पॉली क्लीनिक की स्थापना के लिए करीब 10 लाख रुपए का बजट भी मिल चुका है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि पॉली क्लीनिक खुलने के लिए जगह तय कर ली गई हैं। इसी माह विशेषज्ञ डॉक्टरों से अनुबंध कर लिया जाएगा। फरवरी से पॉली क्लीनिक का संचालन शुरू करवाया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




