Lucknow News: परंपरागत ढंग निकला बाल गोपाल भगवान श्रीकृष्ण का डोल
Lucknow News: रामनगर (बाराबंकी) से श्री कृष्ण डोल यात्रा धूमधाम से निकाली गई। पूर्व विधायक और अन्य श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा की। यात्रा में घोड़े और भजन मंडली का आकर्षण रहा। मंदिर से गली-मोहल्लों में निकली इस यात्रा में भक्तों ने उत्साह से भाग लिया। सुरक्षा व्यवस्था भी की गई।

Lucknow News: रामनगर (बाराबंकी)। श्री राम जानकी पंचायती मंदिर रामनगर से गुरुवार को श्रीकृष्ण डोल धूमधाम और गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। डोल निकलने से पहले मंदिर में पूर्व विधायक शरद अवस्थी, पूर्व चेयरमैन बद्री विशाल त्रिपाठी, अनूप पांडेय, बिन्ना दुबे, पुजारी राजू, बार महामंत्री कमल तिवारी, पंकज सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद "जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी" के जयघोष के बीच भगवान श्रीकृष्ण की पालकी कंधे पर रखकर मंदिर से डोल यात्रा निकाली गई। यात्रा मंदिर से निकलकर गली-मोहल्लों, मुख्य मार्ग और अंदर बाजार से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने अपने द्वार पर बाल गोपाल भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारी और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।श्रीकृष्ण
डोल यात्रा में सजे-धजे घोड़े आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। भजन मंडली भगवान के भजनों का गुणगान करते हुए चल रही थी। वहीं युवा हाथों में बड़े-बड़े केसरिया झंडे लेकर डीजे की धुन पर उत्साह के साथ आगे चल रहे थे। पूरे मार्ग में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।डोल यात्रा में भाजपा नेता शिव प्रकाश अवस्थी उर्फ राहुल और गौरीकांत दीक्षित ने भी पूजा-अर्चना की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाल अरुण प्रताप सिंह के साथ स्थानीय पुलिस बल लगा रहा। विश्वनाथ शुक्ला, सुभाष तिवारी, ब्रजेंद्र तिवारी, विमल शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोल यात्रा के साथ चलते रहे।


