ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊएक साल पर उत्सव से जनता में उत्साह भरेगी सरकार

एक साल पर उत्सव से जनता में उत्साह भरेगी सरकार

लोकसभा उपचुनाव के नतीजों के कारण मिली निराशा से उबरते हुए प्रदेश सरकार अपने एक साल के कार्यकाल पर उत्सव मनाकर जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का प्रयास करेगी। यह उत्सव सोमवार को सुबह 11...

एक साल पर उत्सव से जनता में उत्साह भरेगी सरकार
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊSun, 18 Mar 2018 07:14 PM
ऐप पर पढ़ें

राज्य मुख्यालय। विशेष संवाददाता।

लोकसभा उपचुनाव के नतीजों के कारण मिली निराशा से उबरते हुए प्रदेश सरकार अपने एक साल के कार्यकाल पर उत्सव मनाकर जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का प्रयास करेगी। यह उत्सव सोमवार को सुबह 11 बजे से लोक भवन में शुरू होगा। उत्सव के लिए लोक भवन को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।

इस उत्सव को प्रदेश सरकार ने ‘एक साल-एक मिसाल नाम दिया है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उनकी सरकार के मंत्रियों तथा भाजपा व सहयोगी दलों के विधायकों के अलावा राज्यपाल राम नाईक एवं विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित भी मौजूद रहेंगे। उत्सव की शुरुआत 10 मिनट के आडियो विजुअल प्रजेंटेशन से होगी जिसमें प्रदेश सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का संक्षिप्त ब्योरा पेश किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल व मुख्यमंत्री का संबोधन होगा। इस मौके पर सरकार की एक साल की उपलब्धियों पर आधारित एक पुस्तिका भी जारी की जाएगी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आल्हा, फरूवाही, राई, रागिनी, मयूर नृत्य और कथक का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रशासनिक मशीनरी उत्सव के लिए लोक भवन को आकर्षक तरीके से सजाने में जुटी है। लोक भवन के फव्वारे भी रंगीन आभा बिखेर रहे हैं।

इस बीच भाजपा भी प्रदेश सरकार की पहली वर्षगांठ पर पखवारे भर का कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। यह कार्यक्रम पार्टी के स्थापना दिवस छह अप्रैल तक चलेगा। इसके तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में घर घर जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेंगे। पार्टी इन दोनों आयोजनों से यह संदेश देना चाहती है कि वह लोकसभा के उप चुनाव में मिली पराजय से विचलित नहीं है। वह अपनी उपलब्धियों को कम करके आंकने को भी तैयार नहीं है। पार्टी के रणनीतिकार जल्द से जल्द प्रदेश का राजनीतिक माहौल बदल देने की योजना बनाने में जुटे हैं। वे चाहते हैं कि एक साल का उत्सव फीका नहीं दिखना चाहिए। सोमवार को होने वाले उत्सव के बाद विभागीय मंत्री भी अपनी-अपनी उपलब्धियों का ब्योरा अलग से पेश कर सकते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें