Hindi NewsUttar-pradesh NewsLucknow NewsGovernment Takes Strict Action Against Absent Doctors Dismisses Three in Uttar Pradesh

लगातार गैरहाजिर तीन डॉक्टर होंगे बर्खास्त

संक्षेप: Lucknow News - -उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपर मुख्य सचिव को कार्रवाई के दिए निर्देश

Wed, 15 Oct 2025 06:20 PMNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on
लगातार गैरहाजिर तीन डॉक्टर होंगे बर्खास्त

बिना सूचना लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे चिकित्सकों को लेकर सरकार का रुख सख्त है। उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है ताकि उनके स्थान पर दूसरे डॉक्टरों की भर्ती हो सके। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लगातार गैरहाजिर तीन डॉक्टरों को बर्खास्त करने के आदेश चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को दिए हैं। आगरा के शमशाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) में तैनात डा. वन्दना जैन, श्रावस्ती संयुक्त जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डा. विपुल अग्रवाल, बाराबंकी के जाटा बरौली सीएचसी के डा. देववृत लगातार गैरहाजिर चल रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने गैरहाजिर चल रहे डॉक्टरों को बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्टाफ नर्स निलंबित, अधीक्षिका पर विभागीय कार्यवाही वाराणसी कबीर चौरा जिला महिला चिकित्सालय में 18 अगस्त को गर्भवती रिजवाना को सायंकाल ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स प्रीतम सिंह ने बिना डॉक्टरी परीक्षण रेफरल पर्ची दे दी थी। गर्भवती को एम्बुलेंस व स्ट्रेचर की व्यवस्था नहीं की। जिस कारण गर्भवती का प्रसव विषम परिस्थितियों में अस्पताल प्रांगण में ही हो गया। इससे प्रसूता की जिंदगी संकट में पड़ गई। घटना को गम्भीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने स्टाफ नर्स प्रीतम सिंह को निलंबित करने के आदेश दिये हैं। साथ ही महिला चिकित्साधिकारी डा. सुमिता गुप्ता द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही किये जाने के दोष में उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही के आदेश दिये गये हैं। इसके अलावा डॉक्टर व कर्मचारियों पर प्रभावी नियंत्रण न रखने, ड्यूटी चार्ट, राउण्ड की व्यवस्था, रोगियों के बेड हेड टिकट पर वाइटल्स की नियमित रिकॉर्डिंग, चिकित्सालय का स्वयं नियमित राउण्ड न करने हेतु प्रमुख अधीक्षिका को भी दोषी पाया गया है। ऐसे में अस्पताल की प्रमुख अधीक्षिका डा. नीना वर्मा के विरुद्ध भी विभागीय कार्यवाही के आदेश दिये गये हैं। पांच डॉक्टरों पर कसा शिकंजा मिर्जापुर विन्ध्याचल मंडल के अपर आयुक्त (प्रशासन) डा. विश्राम सिंह की पत्नी रमा यादव के इलाज में लापरवाही के आरोप लगे हैं। आरोप है कि समय पर ईसीजी जांच नहीं कराई गई। इस मामले की जांच कराई गई जिसमें मिर्जापुर चिकित्सालय के तत्समय तैनात चार चिकित्साधिकारी डा. विनय कुमार, डा. सुनील सिंह, डा. तरूण सिंह जो कि वर्तमान में मुख्य चिकित्साधिकारी, सोनभद्र के अधीन तैनात हैं एवं डा. पंकज पाण्डेय, जो वर्तमान में स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय मिर्जापुर के पल्मोनरी विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्य कर रहे हैं, उनको आरोप पत्र देकर विभागीय कार्यवाही के आदेश दिये गये हैं। तत्समय तैनात स्टाफ नर्स सुषमा पाण्डेय, जो कि सेवानिवृत हो चुकी हैं, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई किये जाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही अयोध्या स्थित कुमारगंज के 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों को बाहर की दवा लिखने व प्राइवेट प्रैक्टिस का मामला सामने आया है। उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल की महिला रोग विशेषज्ञ डा. शीला वर्मा व फिजीशियन डा. अरविन्द मौर्या को आरोप पत्र देकर अनुशासनिक कार्यवाही के आदेश अपर मुख्य सचिव को दिए हैं।