छठ की तैयारी में जुटा प्रशासन, गोमती की सफाई तीन दिन में शुरू होगी
संक्षेप: Lucknow News - छठ पूजा की तैयारी को ध्यान में रखते हुए मंडलायुक्त ने गोमती नदी के घाटों पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। गोमती को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नालों को टैप करने का कार्य चल रहा है। सफाई का काम 17 अक्तूबर से शुरू होगा।

छठ पूजा पर्व को ध्यान में रखते हुए, मंडलायुक्त ने गोमती नदी के घाटों पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। मंगलवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में, गोमती को प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ बनाने के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने सिंचाई विभाग को गोमती की सफाई का कार्य तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया ताकि घाटों पर बदबू की समस्या न रहे। सफाई का काम 17 अक्तूबर से शुरू होगा, जिसके जवाब में मंडलायुक्त ने मशीनों और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने का आदेश दिया ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।
गोमती नदी में प्रदूषण रोकने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि गोमती में गिरने वाले 32 नालों में से 26 नाले टैप (नियंत्रित) किए जा चुके हैं। मंडलायुक्त ने शेष नालों को भी जल्द से जल्द टैप करने का निर्देश दिया। नदी में 730 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) डिस्चार्ज होता है, जबकि वर्तमान में केवल 600 एमएलडी का ही उपचार (ट्रीटमेंट) किया जा रहा है।
छठ पूजा घाटों पर व्यापक इंतजाम छठ पूजा के मद्देनजर सभी घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने घाटों की गंदगी, काई और जल कुम्भी को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए। सफाई व्यवस्था, मार्ग प्रकाश, हाईमास्क और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के लिए घाटों पर उचित बैरिकेडिंग लगाई जाएगी, विशेष रूप से गहरे पानी वाले स्थानों पर। साथ ही सभी घाटों पर चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी घाटों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




