
सभी केंद्र:: ट्रेन के एसी कोच से वैज्ञानिक के गहने उड़ाए
Lucknow News - -महाराष्ट्र के वर्धा में दीपावली मनाने के बाद 28 अक्तूबर को लखनऊ लौट रहे थे
लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। गोरखपुर राप्तीसागर एक्सप्रेस (12512) के फर्स्ट एसी कूपे में सफर कर रहे एनबीआरआई के वैज्ञानिक डॉ. मनीष भोयर की पत्नी का पर्स चोरी हो गया। पर्स में रखे सोने के आभूषणों की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। डॉ. मनीष पत्नी के साथ महाराष्ट्र के हिंगणाघाट से लखनऊ आ रहे थे। उन्होंने चारबाग जीआरपी में मुकदमा दर्ज कराया है। महाराष्ट्र के वर्धा निवासी एनबीआरआई के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. मनीष भोयर निराला नगर स्थित सीएसआईआर कॉलोनी में वह परिवार के साथ रहते हैं। वह दीपावली की छुट्टी के बाद 28 अक्तूबर को पत्नी भाग्यश्री के साथ तिरुवनंतपुरम से गोरखपुर के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 12512 राप्तीसागर एक्सप्रेस से लखनऊ लौट रहे थे।
वह हिंगणाघाट रेलवे स्टेशन से ट्रेन की फस्ट एसी एच-1 की सीट संख्या ई-13 व 14 पर सफर कर रहे थे। पीड़ित ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे ट्रेन झांसी रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन जब उरई रेलवे स्टेशन पार हो गई तो पत्नी भाग्यश्री भोयर ने देखा कि पर्स गायब है। काफी खोजबीन के बावजूद पर्स नहीं मिला। पर्स में रखे थे 125 ग्राम सोने के गहने चोरी हुए पर्स में 125 ग्राम वजनी सोने के आभूषण थे, जिनकी बाजार कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। इन आभूषणों में एक मंगलसूत्र, एक रानीहार, एक कड़ा, एक अंगूठी, दो कान के कुंडल, एक चेन, और दो कान की चेन शामिल थे। पीड़ित वैज्ञानिक ने चारबाग जीआरपी में मुकदमा दर्ज कराया। चारबाग रेलवे स्टेशन के जीआरपी प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि वैज्ञानिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




