
काकोरी में गुंडई की हदें पार, विवाहिता से मारपीट-छेड़छाड़
Lucknow News - काकोरी के दुबग्गा क्षेत्र में, कुछ दबंगों ने एक विवाहिता के साथ छेड़छाड़ की और उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। जब कुछ लोग उसे बचाने आए, तो दबंगों ने उनकी भी पिटाई की। पीड़िता ने चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया है।
लखनऊ के दुबग्गा इलाके में घर जा रही विवाहिता से मोहल्ले के कुछ दबंगों ने घर में घसीटकर छेड़छाड़ की और विरोध पर आरोपियों ने मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी है। विवाहिता को बचाने पहुंचे लोगों के साथ भी दबंगों ने मारपीट की। पीड़िता ने दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाते हुए चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दुबग्गा निवासी एक विवाहिता के मुताबिक 31 अक्टूबर को वह बाजार से सामान लेकर घर लौटी। घर पहुंचकर उसने लाइट बंद देखी तो बाहर निकलकर चेक करने लगीं।
महिला ने आरोप लगाया कि इसी वक्त मोहल्ले के हफीज और राजू ने उन्हें अपने घर बुलाने की कोशिश की। विरोध करने पर दोनों ने गालियां देते हुए मारपीट की और जबरन हफीज के घर ले जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और दोनों ने कपड़े फाड़कर दुष्कर्म करने की कोशिश की। जिससे उनके शरीर पर नाखूनों के कई निशान आए। चीख सुनकर मौके से गुजर रहे जहीर और छोटू ने दरवाजा खुलवाकर उन्हें बाहर निकाला। पीड़िता का कहना है कि बाहर निकलते ही हफीज और राजू ने जहीर व छोटू से भी मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद वह राजू के घर उसकी पत्नी को घटना बताने गईं, जहां कथित रूप से उजमा और हफीज की पत्नी हिना ने उल्टा उनसे मारपीट की और थाने जाने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी दबंग हैं, जिसके कारण डर और सामाजिक अपमान की वजह से वह पहले पुलिस तक नहीं पहुंच सकीं। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




