बिक्री के लिए रखा सड़ा खजूर और रंगी हल्दी नष्ट कराई
Lucknow News - एफएसडीए ने होली और रमजान के बाजार में मिलावट की रोकथाम के लिए छापेमारी की। इस दौरान 41 लाख रुपये से अधिक का खाद्य पदार्थ सीज किया गया, जिसमें सड़ा हुआ खजूर, रंगी हल्दी और कचरी शामिल हैं। अधिकारियों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्रित किए और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की।

रजमान और होली के बाजार में मिलावट की रोकथाम के लिए एफएसडीए ने छापेमारी की तो अधिकारी दंग रह गए। कहीं मिलावट तो कहीं सड़ा हुआ खजूर, रंगी हल्दी, कचरी, सड़ी हुई सुपारी बिक्री के लिए रखी गई थी। एफएसडीए ने शुक्रवार को 41 लाख रुपये से अधिक का खाद्य पदार्थ सीज किया। साथ ही 2.64 लाख रुपये कीमत का माल नष्ट कराया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी लखनऊ के निर्देश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत खोया, पनीर, दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, घी-वनस्पति, रंगीन कचरी, पापड़, चिप्स-नमकीन, विभिन्न मिठाइयों सहित बेसन व मैदा आदि की बिक्री की सघन जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए और बड़ी मात्रा में संदिग्ध व असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की। एफएसडीए के अनुसार रंग की खाद्य पदार्थ में मिलावट प्रतिबंधित है। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। रंग मिली हुई कचरी सीज, सुपारी नष्ट कराई स्वरूप कोल्ड स्टोरेज, ऐशबाग में रखे हुए 1418 किलोग्राम रंगीन कचरी (अनुमानित मूल्य ₹56,720) को सीज किया गया। एफएसडीए के अनुसार इसे अमीनाबाद के कारोबारी प्रेम हरवानी ने रखवाया था। अयोध्या रोड सेमरा स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में 1320 किलोग्राम खजूर (अनुमानित मूल्य ₹2,64,000) एक्सपायर्ड, सड़े-गले और मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए। इनको मौके पर नष्ट कराया गया। इसी प्रतिष्ठान से 2000 किलोग्राम हल्दी (अनुमानित मूल्य ₹3,60,000) तथा 20,475 किलोग्राम सुपारी (अनुमानित मूल्य ₹36,85,500) को सीज किया गया। वहीं, हैबतमऊ रायबरेली रोड स्थित दो प्रतिष्ठानों से भी पनीर व पेड़ा के नमूने संग्रहित किए गए। कुल छह नमूने संग्रहित कर विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त (खाद्य) विजय प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के मद्देनज़र यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित व शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


