कमियां मिलने पर सात ब्लड बैंकों के संचालन पर रोक
-एफएसडीए की टीमों ने की 36 ब्लड बैंकों की जांच -कोल्ड चेन,

लखनऊ, विशेष संवाददाता।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) का चेरिटेबल ब्लड बैंकों की जांच का अभियान जारी है। इसी क्रम में एफएसडीए की अंतरजनपदीय टीम ने प्रदेश के 13 जिलों में संचालित चेरिटेबल ट्रस्ट व सोसाइटी के 36 ब्लड बैंकों की जांच में गंभीर अनियमितताएं पकड़ीं। जांच में मानकों की बड़ी अनदेखी पाए जाने पर सात ब्लड बैंकों में रक्त संचालन से जुड़े सभी कार्यों पर तत्काल रोक लगा दी गई है। वहीं अन्य केंद्रों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।विभागीय टीमों ने मुजफ्फरनगर और बरेली में 6-6, इटावा, रायबरेली और मोरादाबाद में 5-5, कुशीनगर में 2 तथा आगरा, जौनपुर, अमरोहा, बलरामपुर, बागपत, मैनपुरी और भदोही में एक-एक केंद्र की जांच की।
कुल 36 केंद्रों में रक्त और रक्त घटकों के भंडारण, टेस्टिंग, उपकरण संचालन, तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता और अभिलेखों का गहन सत्यापन किया गया। जांच में सामने आया कि कई केंद्रों पर रक्तदाता और रक्त प्राप्तकर्ता का पूरा रिकॉर्ड नहीं रखा गया था। अनिवार्य एलाइजा टेस्ट नहीं किए जा रहे थे और कोल्ड चेन भी मेंटेन नहीं पाई गई। कई स्थानों पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी लंबे समय से अनुपस्थित मिले। बिना परीक्षण रिकॉर्ड के रक्त का थोक ट्रांसफर भी किया जा रहा था।इन ब्लड बैंकों पर हुई कार्रवाईइन खामियों के आधार पर इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित अचिंत्य चेरिटेबल ब्लड सेंटर और आईटीआई चौराहा स्थित मानव सेवा चेरिटेबल ब्लड सेंटर, मुजफ्फरनगर के मेरठ रोड स्थित जीवांश चेरिटेबल ब्लड सेंटर, भोपा रोड स्थित सर्वोदया चेरिटेबल ब्लड सेंटर और एसडी मेडिकल इंस्टीट्यूट, साथ ही रुड़की रोड देवबंद स्थित दुर्गा चेरिटेबल ब्लड सेंटर तथा बरेली के मिनी बाइपास रोड स्थित लॉयंस चेरिटेबल ब्लड सेंटर में रक्त संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन केंद्रों पर रोक लगाई गई है, वहां उपलब्ध रक्त और रक्त घटकों के सुरक्षित निस्तारण के लिए अलग से एडवाइजरी जारी की गई है। वहीं, शेष केंद्रों को कमियों को दूर करने के निर्देश देते हुए कारण बताओ नोटिस भेजे जा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


