
कोडीन कफ सिरप की तस्करी फेल, पुलिस ने पकड़ी 93,000+ बोतलें
Lucknow News - खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कोडीन कफ सिरप के अवैध व्यापार पर बड़ी कार्रवाई की है। चंदौली, गाजियाबाद, और जौनपुर में फर्जी फर्मों के माध्यम से हो रहे डायवर्जन को पकड़ते हुए भारी मात्रा में मादक कफ सिरप जब्त किया गया है। कई जिलों में एफआईआर दर्ज की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कोडीन कफ सिरप और नारकोटिक्स लेवल की दवाओं के अवैध व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने संगठित गिरोह द्वारा फर्जी फर्मों के माध्यम से की जा रही अवैध खरीद-फरोख्त एवं संभावित डायवर्जन को पकड़ते हुए कई जिलों में भारी मात्रा में मादक कफ सीरप जब्त किया है। पूरे अभियान के तहत औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 तथा संबंधित प्रावधानों के साथ ही भारतीय न्याय संहिता और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई प्राथमिकी दर्ज करायी जा रही हैं।
प्रदेश के चंदौली जिले में औषधि निरीक्षक ने मेसर्स शैली ट्रेडर्स, रांची तथा लैबोरेट फार्मास्युटिकल इंडिया लिमिटेड में चार फर्मों की जांच की लेकिन इनमें कोई भी संचालित नहीं मिली। इन फर्मों का उपयोग कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध डायवर्जन में हो रहा था। इनके खिलाफ थाना मुगलसराय में दो एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। इसी क्रम में गाजियाबाद से अवैध खरीद की सूचना पर वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र स्थित एक जिम परिसर में छापेमारी कर 75,150 बोतल कफ सिरप तथा 18,600 एक्सपायर्ड न्यू फेंसीडिल बरामद की गईं।
वहीं, जौनपुर जिले में 14 फर्मों की जांच की गई, जिन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष में कुल 18,28,903 बोतल फेन्सिडिल का क्रय किया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 41 करोड़ रुपये है। बता दें कि अधिकांश फर्में संचालित नहीं पाई गईं, जबकि संचालित फर्मों द्वारा खरीदी गई दवा का कोई वैध विवरण प्रस्तुत नहीं किया गया। विभाग इनके विरुद्ध भी संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई कर रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




