खरीदी एक चौथाई जमीन, 29 लोगों को पूरे भूखंड का बैनामा कर दिया
Lucknow News - चिनहट थाने में पीड़ित ने एक नामजद व एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया

चिनहट में जालसाजों ने एक भाई की जमीन का बैनामा करा उसके दूसरे हिस्सेदारों की भी जमीन बेच दी। जब पीड़ित अपनी जमीन पर पहुंचा तो उसको अधिवक्ता की वेशभूषा में पहुंचे लोगों ने धमकाया। पीड़ित ने आरोपी सतीश व एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चिनहट के हरदासीखेड़ा निवासी गंगाराम के मुताबिक गांव स्थित पैतृक जमीन में वह और उसके चार सगे भाई हिस्सेदार हैं। आरोप है कि 6 अक्टूबर 2008 में चिनहट के कंचनपुर मटियारी निवासी सतीश कुमार ने उनके भाई बालकराम से 10 हजार वर्ग फीट भूमि का बैनामा कराया था।
इसके बाद सतीश कुमार ने छल-कपट करते हुए पूरी जमीन को अपनी बताकर 29 फर्जी बैनामे कर दिए। इस बीच आरोपी सतीश कुमार से उनकी हिस्से की 8 बिस्वा भूमि के विक्रय को लेकर 20 लाख रुपये में बातचीत हुई थी। जिसमें 12 लाख रुपये एडवांस के रूप में लिए। इसके बाद न तो शेष भुगतान किया गया और न ही रजिस्ट्री कराई गई। बाद में जब जमीन बेचने से इंकार कर एडवांस की रकम वापस करने को कहा तो उसने रुपये लेने से मना कर दिया। 27 जनवरी 2023 को जब पीड़ित अपने खेत पर पहुंचा तो वहां निर्माण होता मिला। विरोध करने पर मौजूद लोगों ने बैनामा होने की बात कही। पीड़ित ने रजिस्ट्री कार्यालय में छानबीन की तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। आरोप है कि सतीश कुमार और कथित खरीदारों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। जमीन पर जाने पर करीब एक दर्जन लोग अधिवक्ता की वेशभूषा में आकर धमकाते हैं। पीड़ित ने जनता दर्शन, मुख्यमंत्री पोर्टल, पुलिस अधिकारियों और कोतवाली पर शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जेसीपी कानून एवं व्यवस्था के आदेश पर चिनहट पुलिस ने सतीश कुमार और एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


