गोंडा जिले के वजीरगंज ब्लाक की ग्राम सभा खानपुर के पूर्व प्रधान और क्षेत्र की जानी मानी हस्ती माने जाने वाले एक युवक की बड़ी बेहरहमी से बलरामपुर में हत्या कर लाश राप्ती नदी में फेंक दी गई। शनिवार को सुबह कई टुकड़ों में शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना के बाद वजीरगंज पुलिस बलरामपुर के लिए रवाना हो गई है।
पुलिस ने बताया कि वरूण सिंह उर्फ मंटू सिंह का टुकड़ा-टुकड़ा शव शनिवार सुबह बलरामपुर पुलिस ने बरामद किया है। बताया जाता है वरूण गुरुवार शाम अपने घर से निकले थे। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट वजीरगंज थाने में दर्ज कराई गई थी। इसके बाद सर्विलांस से पुलिस ने ट्रेस किया तो उनकी पहली लोकेशन गोंडा फिर आखिरी बलरामपुर गिलौला में मिली। इसके बाद शनिवार सुबह उनका शव बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि बलरामपुर पुलिस की सूचना के मुताबिक मृतक का सर अलग और धड़ कई टुकड़ों में मिला है। इस जघन्य वारदात के पीछे प्रथम द्रष्टया आशनाई का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पप्पू उर्फ कृष्णा कौशल निवासी पड़ाव नवाबगंज के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पत्नी से कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने घटना के बारे में स्वीकार कर लिया है। उसके आरोपी पति की तलाश की जा रही है।