Lucknow News: प्रभावित 70 एकड़ के इलाके में ड्रोन से एंटी लार्वा का छिड़काव
Lucknow News: बाढ़ का पानी उतरने के बाद नगर निगम ने मच्छरों के प्रजनन और बीमारियों की आशंका कम करने के लिए सफाई व स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान तेज किया है। जोन-3 और जोन-6 में ड्रोन से 70 एकड़ क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव हुआ। प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग पाउडर, चूने और सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव, नालियों की सफाई तथा घास और झाड़ियों की कटाई भी कराई गई।

Lucknow News: बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही प्रभावित इलाकों में मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने और बीमारियों की आशंका कम करने के लिए नगर निगम ने सफाई और स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। जोन-3 और जोन-6 में ड्रोन के जरिए 70 एकड़ क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। इसके साथ ही ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई भी कराई जा रही है। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जोन-3 के फैजुल्लागंज में 44 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन से दवा का छिड़काव किया गया। घैला रोड पर टैंकर व लोहरामऊ, पतंग मैदान, गणेश बाग, सन्मंत विहार और मिल्लत नगर में भी ड्रोन से एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया। दाउदनगर की 60 फीट रोड, मामा कॉलोनी और पुराने दाउदनगर में पानी उतरने के बाद सूख चुकी गलियों में सफाई, सोडियम हाइपोक्लोराइट और ब्लीचिंग का छिड़काव कराया गया। नालियों की सफाई के साथ घास और झाड़ियां भी हटाई गईं।
जोन-6 में 26 एकड़ में छिड़काव
सैथा और हयात नगर में 26 एकड़ में छिड़काव
जोन-6 के सैथा में 18 एकड़ और हयात नगर में आठ एकड़ क्षेत्र में ड्रोन से एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया। हयात नगर, सैथा, टांड़खेड़ा और दौलतखेड़ा में जलभराव वाले क्षेत्रों और पानी के किनारे ब्लीचिंग पाउडर, चूने व एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। हरि नगर और मिश्री की बगिया में भी सफाई अभियान चलाया गया। हयात नगर और दौलतखेड़ा में सड़क किनारे की नालियों की सफाई कराई गई, ताकि जलनिकासी बेहतर हो सके।

