
यूपी के छह शहरों से 14 फ्लाइटें निरस्त, कई लेट
Lucknow News - बुधवार को यूपी के प्रमुख हवाई अड्डों पर कई उड़ानें रद्द रहीं, जिसमें लखनऊ से 6 फ्लाइटें शामिल हैं। वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या और कानपुर में भी यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। इंडिगो ने यात्रियों को समय पर सूचित किया, लेकिन कुछ इमरजेंसी यात्रियों को अंतिम समय में दिक्कत हुई।
यूपी के प्रमुख शहरों के हवाई अड्डों पर बुधवार को भी फ्लाइटों की अनिश्चितता बनी रही। इस दौरान शाम तक लखनऊ से कुल 6 फ्लाइटें निरस्त रहीं। राहत की बात यह रही कि लखनऊ एयरपोर्ट पर तीन दर्जन अन्य उड़ानों का संचालन निर्धारित समय पर हुआ। प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या और कानपुर में भी कई उड़ानें रद्द रहीं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के लिए भटकना पड़ा। वाराणसी में बाबतपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को इंडिगो एयरलाइंस के छह विमान कैंसिल रहे। एयरलाइंस के अधिकारियों के मुताबिक, विमान निरस्त होने की सूचना यात्रियों को समय से दे दी गई थी।

गोरखपुर से दिल्ली और बेंगलुरु की फ्लाइटें निरस्त रहीं, जिसकी वजह से करीब 350 यात्री प्रभावित हुए। कंपनी ने गुरुवार को भी दिल्ली और बेंगलुरु की फ्लाइटें निरस्त की हैं। इंडिगो ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि 12 दिसंबर से इन उड़ानों का संचालन होगा या नहीं। कानपुर एयरपोर्ट पर हैदराबाद से कानपुर आने वाली फ्लाइट निरस्त कर दी गई। यात्रियों को पहले ही एसएमएस के जरिए सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद इमरजेंसी में यात्रा करने वाले कुछ यात्री अंतिम समय में जानकारी मिलने की उम्मीद में एयरपोर्ट पहुंचे। हैदराबाद जाने और वहां से आने वाले कई यात्रियों को मजबूरन लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट का रुख करना पड़ा। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइटों से बुधवार को कुल 964 यात्रियों की आवाजाही हुई। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार) चलने वाली बेंगलुरु की फ्लाइट अब रोजाना कर दी गई है। अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डे पर हैदराबाद की इंडिगो फ्लाइट रद्द रही। चूंकि यात्रियों को 4 घंटे पहले ही पूर्व सूचना दे दी गई थी, इसलिए एयरपोर्ट पर कोई बड़ी समस्या नहीं हुई। हालांकि, अन्य उड़ानें तय समय पर गईं। प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट से कोई फ्लाइट कैंसिल नहीं हुई, लेकिन दिल्ली की इंडिगो फ्लाइट पौने दो घंटे देरी से आई। यह फ्लाइट दोपहर 2:30 बजे आनी थी, लेकिन शाम 4:12 बजे लैंड हुई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


