Hindi NewsUttar-pradesh NewsLucknow NewsFirst Female Pilot Tanushka Singh Joins IAF s Jaguar Squadron

लखनऊ की तनुष्का जगुआर उड़ाने वाली पहली महिला पायलट बनीं

Lucknow News - लखनऊ की फ्लाइंग ऑफिसर तनुष्का सिंह भारतीय वायु सेना के जगुआर फाइटर जेट स्क्वाड्रन में स्थायी नियुक्ति पाने वाली पहली महिला पायलट बन गई हैं। उन्होंने 2007 से पढ़ाई की और वायुसेना को चुना। उनके परिवार...

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊSun, 2 March 2025 09:45 PM
share Share
Follow Us on
लखनऊ की तनुष्का जगुआर उड़ाने वाली पहली महिला पायलट बनीं

लखनऊ की फ्लाइंग ऑफिसर तनुष्का सिंह भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के जगुआर फाइटर जेट स्क्वाड्रन में स्थायी नियुक्ति पानी वाली पहली महिला पायलट बन गई हैं। तनुष्का का दो वर्ष पहले भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट के पद पर चयन हुआ था। प्रशिक्षण पूरा होने पर शुक्रवार को तनुष्का को जगुआर फाइटर प्ले के पायलट पद पर नियुक्ति मिली। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोगों ने उनके लखनऊ स्थित घर पहुंचकर बाबा व दादी समेत परिवार के सदस्यों को शुभकामनाएं और बधाइयां दीं। तनुष्का के पिता लेफ्टिनेंट कर्नल अजय प्रताप सिंह और बाबा कैप्टन देवेन्द्र बहादुर सिंह भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं। इंदिरानगर के पटेल नगर निवासी सेवानिवृत्त कैप्टन देवेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि हमारी तीन पीढ़िया सेना से जुड़ी हैं। पौत्री तनुष्का के पिता अजय प्रताप सिंह लेफ्टिनेंट कर्नल पद से रिटायर हुए हैं। यह उनकी बड़ी बेटी है। तनुष्का ने साल 2007 से कर्नाटक के मंगलुरु में रहकर पढ़ाई की है। उसने मणिपाल इंस्टीट्यूट से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। पहले वो थल सेना में जाना चाहती थी, लेकिन बाद में वायुसेना को चुना। तमिलनाडु के डुंडीगल में एयरफोर्स अकादमी से प्रशिक्षण पूरा किया है। हॉक एमके-132 विमान उड़ाने में दक्षता हासिल की। अब वह वायुसेना का फाइटर जेट जगुआर उड़ाएगी।

परमाणु हमले में भी सक्षम

जगुआर वायुसेना का हमलावर विमान है। यह विमान परमाणु हमला करने में भी सक्षम है। प्रशिक्षण के दौरान तनुष्का के साथ अन्य महिला पायलटों ने फाइटर जेट को उड़ाया था। पर तनुष्का जगुआर स्क्वाड्रन में स्थायी नियुक्ति पाने वाली पहली महिला पायलट हो गई हैं। जल्द ही वह जगुआर फाइटर प्लेन उड़ाती नजर आएंगी। तनुष्का के परिवार में पिता के अलावा मां कुसुम लता और छोटी बहन अनुष्का सिंह हैं। अनुष्का बीटेक की पढ़ाई कर रही हैं।

इन्होंने दीं बधाइयां

उप्र कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं इस्माइलगंज प्रथम वार्ड के पार्षद मुकेश सिंह चौहान, लोहिया विहार के सचिव रघुवीर सिंह परिहार, एचएल कर्मचारी यूनियन के पूर्व महासचिव जे पी डिमरी, शिव मूर्ति मौर्या, राघवेन्द्र त्रिपाठी, नृपेन्द्र सिंह ने रविवार को घर पहुंचकर तनुष्का के बाबा व दादी को शुभकामनाएं दीं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें