Lucknow News: रसोई गैस सिलेंडर से लगी आग,गृहस्थी जली
Lucknow News: - जलते सिलेंडर को भीगे कपड़े से बुझाकर बाहर निकाला, डेढ़ घंटे में काबू पाया रसोई गैस सिलेंडर से लगी आग,गृहस्थी जली

Lucknow News: दुबग्गा थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में रविवार दोपहर गैस सिलेंडर लीकेज से लगी आग ने एक मजदूर की पूरी गृहस्थी जल गई। समय पर ग्रामीणों की मदद से जलते सिलेंडर को बाहर निकाल दिया गया, जिससे सिलेंडर फटने का बड़ा हादसा टल गया। रायपुर दशहरी निवासी गुड्डू गौतम पेंटिंग का काम करते हैं। वह रविवार दोपहर काकोरी के दुर्गागंज स्थित इंडियन गैस एजेंसी से नया सिलेंडर लेकर घर आए थे। दोपहर दो बजे गुड्डू खाना गर्म करने के लिए माचिस जलाकर चूल्हा जलाने लगे। तभी लीकेज के कारण सिलेंडर में आग पकड़ ली। आग लगते ही लपटों ने कमरे में रखे कपड़े, अलमारी, फ्रिज और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
गुड्डू पत्नी और बच्चों के साथ चीखते हुए बाहर निकले और बचाव की गुहार लगाई। सूचना पर आसपास के ग्रामीण आनन-फानन में लाठी, बाल्टी और पानी लेकर पहुंचे।ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले भीगे कपड़े से जलते सिलेंडर की आग बुझाई और उसे कमरे से बाहर निकाल दिया। इससे सिलेंडर के फटने का खतरा टल गया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। आग में अलमारी, फ्रिज, दो पंखे, कपड़े और छह हजार रुपये नकदी जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पीआरवी से दो सिपाही पहुंचे और कोतवाली को जानकारी दी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मनोज यादव ने लेखपाल कुलदीप को बुलवाया। लेखपाल ने नुकसान का आकलन कर पीड़ित को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। दुबग्गा इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि अभी थाने में लिखित सूचना नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


