
कॉलोनियों में लगे स्थायी बैरियर हटेंगे, अग्निशमन विभाग जारी करेगा नोटिस
Lucknow News - अग्निशमन विभाग रिहायशी कॉलोनियों के प्रवेश द्वार पर लगे स्थायी बैरियर हटाने के लिए अभियान चला रहा है। हाल ही में एक अग्निकांड के दौरान इन बैरियर्स के कारण दमकल की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच पाईं। विभाग ने आरडब्ल्यूए को नोटिस देकर ऐसे बैरियर्स हटाने और बदलने के निर्देश दिए हैं।
रिहायशी कॉलोनियों के प्रवेश द्वार पर लगे स्थायी (फिक्स) बैरियर हटाने के लिए अग्निशमन विभाग अभियान चलाएगा। इससे पहले विभाग ऐसी रेजिडेंट वेल्फेयर सोसाइटी (आरडब्ल्यूए) को चिह्नित कर रहा है, जिन्होंने ये बैरियर लगवाए हैं और ऐसी कॉलोनियां पता की जा रही हैं, जहां-जहां ये लगे हैं। दरअसल, सरोजनीनगर के न्यू गड़ौरा में सोमवार रात दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई थी। रेलवे कर्मी राकेश कुमार भागते समय जीने से गिर गए और पैर टूटने से आग-धुएं के बीच मकान में फंस गए थे। रात करीब 9:30 बजे सूचना मिलते ही आलमबाग फायर स्टेशन से एफएसओ धर्मपाल सिंह आनन-फानन दो गाड़ियां लेकर मौके पर रवाना हुए पर कॉलोनी के गेट पर मकान से करीब 500 मीटर पहले ही स्थायी बैरियर लगा होने से दमकल की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच पाई थीं।
इस पर एफएसओ ने तत्काल सरोजनीनगर फायर स्टेशन को फोन कर छोटी गाड़ियां मंगवाई। इसके बाद बीए सेट पहनकर आग और धुएं के बीच जद्दोजहद करते हुए दमकल कर्मियों के साथ एफएसओ मकान के दूसरे माले पर पहुंचे और राकेश को सकुशल निकाल कर लाए थे। बड़ी दमकल का हौज पाइप बिछाकर उसे छोटी गाड़ियों से जोड़ कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था। चिह्नित कर कॉलोनियों से हटवाएंगे बैरियर मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि अग्निकांड की सूचना पर मौके पर हम तत्काल पहुंचते हैं, क्योंकि आग बढ़ते समय नहीं लगता। ऐसे में तमाम कालोनियों में लगे बैरियर आग बुझाने में व्यवधान बनते हैं। सभी फायर स्टेशन के एफएसओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में ऐसी कॉलोनियों को चिह्नित करें। आरडब्ल्यूए को नोटिस देकर स्थायी बैरियर हटवाएं। उसके स्थान पर ऐसे बैरियर लगवाए जाएं, जो खोले जा सकें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




