लखनऊ: कैमुना सोसाइटी के एमडी पर करोड़ों के गबन का एफआईआर
उपभोक्ताओं का करोड़ों रुपये हड़पने वाले कैमुना क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के एमडी के खिलाफ टनकपुर में भी एफआईआर दर्ज करा दी गई है। इससे पहले लोहाघाट, पिथौरागढ़ समेत कई थानों में एमडी के खिलाफ...

उपभोक्ताओं का करोड़ों रुपये हड़पने वाले कैमुना क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के एमडी के खिलाफ टनकपुर में भी एफआईआर दर्ज करा दी गई है। इससे पहले लोहाघाट, पिथौरागढ़ समेत कई थानों में एमडी के खिलाफ एफआईआर करायी जा चुकी है। एमडी के खिलाफ आर्थिक अपराध अनुसधंधान शाखा देहरादून की जांच के बाद यह कार्रवाई हुई।
टनकपुर में जगन्नाथ चौराहे के पास कैमुना क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी के शाखा प्रबंधक कैलाश रावत की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। इस एफआईआर में लिखा है कि उनकी कैमुना सोसायटी में वर्ष 2014 से करीब एक हजार से अधिक लोगों ने आरडी, एफडी और लोन समेत डेली कलेक्शन के जरिये उपभोक्ताओं के लाखों रुपये जमा किये थे। कैलाश का कहना है कि एफडी और आरडी की मियाद पूरी होने पर कई खाताधारकों को लाखों रुपये तक का भुगतान किया जाना था। सोसायटी के शाखा प्रबंधक ने लोगों की धनराशि वापस करने के लिए कई बार उच्च स्तर पर संपर्क किया। लेकिन वहां से उपभोक्ताओं के भुगतान के लिये रुपये नहीं दिये जा रहे थे। उन्होनें कहा कि जमाकर्ताओं की ओर से राशि लौटाने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। एसओ जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि इस मामले में देर रात लखनऊ के अलीगंज में रहने वाले सोसायटी के एमडी प्रदीप अस्थाना के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट लिखी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिये लखनऊ पुलिस से भी टनकपुर पुलिस ने सम्पर्क किया है।


