ससुर ने विदाई कराने पहुंचे दामाद को चाकू से गोद डाला
Lucknow News - काकोरी इलाके के लालता खेड़ा में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज अधेड़ ने बेटों के साथ मिलकर दामाद राम सागर (25) की चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी। राम सागर

काकोरी इलाके के लालता खेड़ा में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज अधेड़ ने बेटों के साथ मिलकर दामाद राम सागर (25) की चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी। राम सागर अपने भाई के साथ पत्नी की विदाई कराने के लिए ससुराल पहुंचा था। करीब एक साल से ससुरालीजन उसकी पत्नी को भेज नहीं रहे थे। वह दोबारा कहीं और शादी करने की तैयारी में थे। पुलिस ने राम सागर के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया। चौथे आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है। रामसागर के भाई राहुल गौतम के मुताबिक वह मूल रूप से पीलीभीत के माधौटांडा का निवासी है।
भाई कपड़े की फेरी लगाता था। काकोरी के लालता खेड़ा में रहने वाली कामिनी से भाई के प्रेम प्रसंग थे। कामिनी के घरवाले राम सागर से शादी की खिलाफत कर रहे थे। भाई राहुल गौतम ने काफी प्रयास किया लेकिन कामिनी के घरवाले नहीं माने। लिहाजा दिसंबर 2024 में राम सागर ने कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद वह उन्हें लेकर घर पहुंचा। करीब डेढ़ महीने दोनों साथ घर पर रहे थे। इस मामले में कामिनी के परिवारीजनों ने पुलिस में भी शिकायत की थी। हालांकि दोनों के बालिग होने पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और पूछताछ के बाद छोड़ दिया था। कुछ दिन बाद पिता भीमा और उसके परिवारीजन कामिनी की ससुराल पहुंचे और बेटी को विदा करा लाए। यह भी कहा था कि कुछ दिन बाद कामिनी को छोड़ जाएंगे। कई महीने हो गए वह छोड़ने के लिए नहीं आए। बड़े भाई और भाभी से कामिनी की बात हुई। भीमा से भी बात हुई तो उन्होंने कुछ दिन बाद विदा करने के लिए कहा लेकिन किया नहीं। हाल ही में राम सागर की कामिनी के मौसेरे भाई (नाबालिग) से बात हुई। उसने सोमवार को बुलाया था। राहुल ने बताया कि मौसेरे भाई के कहने पर वह राम सागर के साथ कामिनी को विदा कराने के लिए पहुंचा था। रात में मौसेरे भाई से बंथरा के लोहना गांव में मिले। बातचीत के बाद वह कामिनी के गांव काकोरी स्थित लालताखेड़ा लेकर पहुंचा। वहां कामिनी के पिता भीमा, भाई सुमित और अमित मिले। भाई रामसागर ने भीमा से कामिनी को विदा करने के लिए कहा। इस पर वह गाली-गलौज करने लगा। भीमा उसके बेटे सुमित और अमित ने हमला बोल दिया। लात घूसों और डंडों से जमकर पीटा। राहुल ने बताया कि उसने भाई को बचाने की कोशिश की तो उस पर भी हमला बोल दिया। इसके बाद भीमा और उसके बेटों ने भाई के पेट और सीने पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया। हमले में खून से लथपथ होकर राम सागर मौके पर ही गिर गया। यह देख हमलावर भाग निकले। आनन फानन भाई को किसी तरह क्षेत्र स्थित अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद काकोरी थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि कामिनी ने राम सागर से प्रेम विवाह किया था। कामिनी के पिता उसे अपने घर ले आए थे वह उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे। राहुल की तहरीर पर भीमा और उसके बेटों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को पकड़ लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। राहुल ने बताया कि परिवार में मां आनंदवती, भाई आदर्श और बहन लक्ष्मी है। हाथ जोड़कर जान बख्शने की गुहार करता रहा रामसागर: राहुल ने बताया कि कामिनी के पिता और उसके भाई, राम सागर को पीटने के बाद चाकू से गोद रहे थे। हाथ जोड़कर उनसे छोड़ने की गुहार करता रहा पर एक न सुनी। इसके बाद भागकर सड़क पर पहुंचा रहा चीखता रहा। शोर सुनकर जबतक राहगीर और ग्रामीण दौड़े हमलावर भाग निकले थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


