तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने पहले स्कूटी सवार को रौंदा, फिर फुटपाथ पर सोते मजदूरों को कुचला-एक की मौत, दो घायल
लखनऊ के कैसरबाग क्षेत्र में शनिवार रात एक तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर ने दो अलग-अलग हादसे किए। पहले हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे में फुटपाथ पर सो रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया और जांच शुरू की।
लखनऊ, संवाददाता। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कैसरबाग थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर ने कुछ ही मिनटों के भीतर दो अलग-अलग हादसों को अंजाम दिया। इस दर्दनाक घटनाक्रम में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फुटपाथ पर सो रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। बर्लिंगटन चौराहे के पास हुई इस घटना में फॉर्च्यूनर चालक ने पहले आलमबाग निवासी सुनील उर्फ सोनू की होंडा एक्टिवा को पीछे से इतनी तेज रफ्तार में टक्कर मारी कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
टक्कर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सुनील घर लौट रहा था और पल भर में सब कुछ खत्म हो गया। परिवार में इस खबर के पहुंचते ही कोहराम मच गया।पहले हादसे के बाद भी चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की। अनियंत्रित होकर फार्च्यूनर ने सड़क किनारे फुटपाथ सो रहे दो मजदूरों को कुचल दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। अभी तक दोनों घायल मजदूरों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस इस दिशा में प्रयास कर रही है। देर रात होने के बावजूद आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रण में लिया और आरोपी चालक को तत्काल हिरासत में ले लिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


