
रिमांड पर आए हत्यारोपियों ने खोले कई राज,फोन बरामद
Lucknow News - निगोहां के किसान की अपहरण के बाद हत्या कर उन्नाव में जलाया था शव पुलिस
दखिना गांव के किसान शिव प्रकाश उर्फ कबीर की अपहरण के बाद हत्या और फिर शव जलाने की सनसनीखेज वारदात के मामले में निगोहां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने न्यायालय से 24 घंटे की कस्टडी रिमांड लेकर जेल में बंद दो मुख्य आरोपियों से पूछताछ की है। पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त मोबाइल फोन से जुड़े कुछ अहम साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के मुताबिक रिमांड अवधि में आरोपियों की निशानदेही पर रायबरेली हाईवे पर डुडौली स्थित वृंदावन रेस्टोरेंट से आगे एक पुल के नीचे नाले के पास जंगल-झाड़ियों से एक मोबाइल फोन की-पैड और दूसरे मोबाइल फोन का पिछला कवर बरामद किया गया है।
बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को पुनः जेल भेज दिया गया। निगोहां के दखिना गांव निवासी किसान शिव प्रकाश उर्फ कबीर को जमीन विवाद में मुकदमे की हार के डर से छह लोगों ने 15 नवंबर 2025 को दो कारों से अपहरण कर लिया था और उसके बाद हत्या कर शव को उन्नाव जनपद ले जाकर जला दिया था। पुलिस ने मामले में सुजीत कुमार श्रीवास्तव, पिंटू रावत, विनोद, लालू उर्फ नीरज कश्यप, राजू उर्फ राजकुमार और दिलीप कुमार रावत निवासी ब्राह्मण टोला नगराम को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। घटना में प्रयुक्त दोनों स्विफ्ट डिजायर कारें भी बरामद की गई थीं। किसान 15 नवंबर से लापता था। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद मोबाइल सर्विलांस से 16 नवंबर को उसकी लोकेशन उन्नाव के पाटन गांव थाना बीघापुर क्षेत्र में मिली थी। जहां एक अधजला शव बरामद हुआ था। फोटो के आधार पर पहचान की पुष्टि होने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस संबंध में एसओ निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि अभियुक्त पुलिस को गुमराह कर रहे थे। अलग-अलग गिरफ्तारियों के दौरान सामने आए नए तथ्यों के आधार पर मास्टरमाइंड सुजीत कुमार श्रीवास्तव व दिलीप रावत को 24 घंटे के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड लिया गया। जिसमें हत्या में प्रयुक्त मोबाइल से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




